1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पड्डीकल के लगातार तीसरे शतक से कर्नाटक विजय हजारे ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में पहुंचा

पड्डीकल के लगातार तीसरे शतक से कर्नाटक विजय हजारे ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में पहुंचा

 Reported By: Bhasha
 Published : Feb 28, 2021 07:41 pm IST,  Updated : Feb 28, 2021 07:41 pm IST

देवदत्त पड्डीकल की लगातार तीसरी नाबाद शतकीय पारी के दम पर कर्नाटक ने विजय हजारे ट्रॉफी मैच में रेलवे को करारी शिकस्त देकर क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की की।

पड्डीकल के लगातार...- India TV Hindi
पड्डीकल के लगातार तीसरे शतक से कर्नाटक विजय हजारे ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में पहुंचा Image Source : IPLT20.COM

बेंगलुरु। शानदार लय में चल रहे युवा सलामी बल्लेबाज देवदत्त पड्डीकल की लगातार तीसरी नाबाद शतकीय पारी के दम पर गत चैम्पियन कर्नाटक ने विजय हजारे ट्राफी एकदिवसीय प्रतियोगिता के ग्रुप सी के मैच में रविवार को यहां रेलवे को 10 विकेट से करारी शिकस्त देकर क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की की।

पिछले दो मैचों में नाबाद 152 (ओडिशा के खिलाफ) और नाबाद 126 (केरल के खिलाफ) रन की पारियां खेलने वाले रॉयल चैलेंजर बेंगलोर के इस बल्लेबाज ने रेलवे के खिलाफ 125 गेंद में 145 रन की आकर्षक पारी खेली। बायें हाथ के इस बल्लेबाज ने इस दौरान नौ छक्के और इतने ही चौके लगाये।

Video : तो क्या ये है क्रिकेट जगत की सबसे बुरी 'फुलटॉस' गेंद, पाकिस्तानी खिलाड़ी ने किया हैरान!

बीस साल के इस बल्लेबाज को कप्तान रविकुमार समर्थ का अच्छा साथ मिला जिन्होंने 118 गेंद में 17 चौकों की मदद से नाबाद 130 रन बनाये। दोनों ने पहले विकेट के लिए 285 रन की अटूट साझेदारी कर 57 गेंद शेष रहते कर्नाटक को 10 विकेट की प्रभावशाली जीत दिलायी।

इस जीत के साथ टीम ने ग्रुप सी तालिका में शीर्ष पर रहते हुए अंतिम आठ के लिए क्वालीफाई किया जबकि उत्तर प्रदेश दूसरे स्थान पर रहा। उत्तर प्रदेश ने ओडिशा को छह विकेट से शिकस्त दी। पड्डीकल ने लगातार तीन शतकीय पारी से पहले दो मैचों में अर्धशतक भी लगाया था। पांच मैचों में उनके नाम 190.66 की औसत से 572 रन है और वह बल्लेबाजों की तालिका में शीर्ष पर है।

इससे पहले सलामी बल्लेबाज प्रथम सिंह की 129 रन की पारी के दम पर रेलवे ने 50 ओवर में नौ विकेट पर 284 रन का स्कोर खड़ा किया था। ग्रुप के दूसरे मैच में केरल ने बिहार को नौ विकेट से हराया। केरल ने बिहार की पारी को 148 रन पर समेटने के बाद महज 8.5 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया।

केरल के लिए श्रीसंत ने चार विकेट लिये जबकि रोबिन उथप्पा ने 10 छक्के और चार चौकों की मदद 32 गेंद में 87 रन की नाबाद पारी खेली। ग्रुप के तीसरे मैच में उत्तर प्रदेश ने ओडिशा को 148 रन आउट कर 21.4 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 150 रन बनाकर जीत दर्ज की। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल