1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. जोहानिसबर्ग टेस्ट: पाकिस्तान ने की वापसी, लेकिन दक्षिण अफ्रीका अब भी अच्छी स्थिति में

जोहानिसबर्ग टेस्ट: पाकिस्तान ने की वापसी, लेकिन दक्षिण अफ्रीका अब भी अच्छी स्थिति में

 Reported By: Bhasha
 Published : Jan 12, 2019 10:06 pm IST,  Updated : Jan 12, 2019 10:06 pm IST

ओलिवर ने 51 रन देकर पांच विकेट लिये और पाकिस्तान को 185 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभायी। 

जोहानिसबर्ग टेस्ट:...- India TV Hindi
जोहानिसबर्ग टेस्ट: पाकिस्तान ने की वापसी, लेकिन दक्षिण अफ्रीका अब भी अच्छी स्थिति में  Image Source : AP

जोहानिसबर्ग: डुआने ओलिवर के सीरीज में तीसरी बार पांच विकेट लेने के कारनामे से बैकफुट पर पहुंचे पाकिस्तान को उसके गेंदबाजों ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे और आखिरी टेस्ट क्रिकेट मैच के दूसरे दिन शनिवार को वापसी दिलायी। ओलिवर ने 51 रन देकर पांच विकेट लिये और पाकिस्तान को 185 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभायी। पाकिस्तान ने अपने आखिरी पांच विकेट 16 रन के अंदर गंवाये। 

दक्षिण अफ्रीका ने इस तरह से पहली पारी में 77 रन की बढ़त हासिल की लेकिन दूसरी पारी में उसके टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज नहीं चल पाये और दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक उसका स्कोर पांच विकेट पर 135 रन था। दक्षिण अफ्रीका को इस तरह से अब 212 रन की बढ़त हासिल हो चुकी है। 

हाशिम अमला ने एक छोर संभाले रखा है। वह अभी 90 गेंदों पर 42 रन बनाकर खेल रहे हैं। क्विंटन डि कॉक ने दिन के अंतिम क्षणों में 35 गेंदों पर नाबाद 34 रन बनाकर रन गति तेज की। ये दोनों छठे विकेट के लिये अब तक 42 रन जोड़ चुके हैं। 

पाकिस्तान की तरफ से चार गेंदबाजों ने विकेट लिये। इनमें फहीम अशरफ ने 19 रन देकर दो विकेट हासिल किये। उन्होंने अपने दोनों विकेट अपने पहले ओवर में लिये। 

कार्यवाहक कप्तान डीन एल्गर फिर से नहीं चल पाये और केवल पांच रन बनाकर मोहम्मद आमिर की गेंद पर विकेट के पीछे कैच दे बैठे। एडेन मार्कराम (21) भी चाय के तुरंत बाद पवेलियन लौट गये। अशरफ ने थेनिस डि ब्रूएन (सात) और अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे जुबैर हमजा (शून्य) को दो गेंद के अंदर आउट किया। इसके बाद अमला और टेम्बा बावुमा (23) ने पांचवें विकेट के लिये 48 रन जोड़े। 

इससे पहले पाकिस्तानी पारी के दौरान ओलिवर ने दो अवसरों पर महत्वपूर्ण सफलताएं दिलायी। उन्होंने सुबह ड्रिंक्स ब्रेक के बाद दो विकेट लिये। उन्होंने मोहम्मद अब्बास (11) के 88 मिनट चले संघर्ष को खत्म किया और तीन गेंद बाद असद शाफिक को पवेलियन भेजा। 

सलामी बल्लेबाज इमाम उल हक (43) ने वर्नोन फिलैंडर की गेंद पर दूसरी स्लिप में कैच दिया जिससे स्कोर पांच विकेट पर 91 रन हो गया। इसके बाद बाबर आजम (49) और कप्तान सरफराज अहमद (50) ने छठे विकेट के लिये 61 गेंदों पर 78 रन की साझेदारी की। 

कैगिसो रबाडा ने सरफराज को पहली स्लिप में कैच आउट कराया और चार गेंद बाद ओलिवर ने आजम को लांग आन पर कैच देने के लिये मजबूर किया उन्होंने अगली गेंद पर अशरफ को भी पवेलियन भेजा। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल