बेंगलुरू: दक्षिण अफ्रीका को भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच से पहले आज करारा झटका लगा क्योंकि उसके तेज गेंदबाज वर्नोन फिलैंडर बायें पांव में गंभीर चोट के कारण श्रृंखला के बाकी मैचों में नहीं खेल पाएंगे। उनकी जगह 28 साल के काइल एबोट को टीम में शामिल किया है।
होसमैट अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डा. अजित बेंडिक्ट रायन ने पीटीआई से कहा, फिलैंडर का हमारे अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनके बायें टखने में चोट आयी है और उस पर प्लास्टर चढ़ा दिया गया है।
उन्होंने कहा, इस वजह से वह अगले छह सप्ताह तक क्रिकेट नहीं खेल पाएंगे। वह स्वदेश लौट सकते हैं।
फिलैंडर वार्म अप फुटबाल मैच के दौरान चोटिल हो गये थे। उनका दायां टखना मुड़ गया और वह दर्द से कराहने लगे। सहयोगी स्टाफ उन्हें मैदान से बाहर लेकर गया।
दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने पत्रकारों से कहा, अभ्यास के दौरान गलती से वर्नोन का पांव डीन : एल्गर : के पांव के उपर पड़ गया। यह अजीबोगरीब दुर्घटना थी। मैंने पहले इससे भी बुरे मामले देते हैं। वह दुर्भाग्यशाली रहा। उसे मैदान से उठाकर बाहर ले जाया गया। यह बहुत बुरा हो सकता है।
डेल स्टेन का ग्रोइन की चोट के कारण दूसरे टेस्ट मैच में खेलना संदिग्ध है और अब फिलैंडर की चोट के कारण दक्षिण अफ्रीका के पास दो तेज गेंदबाज कैगिसो रबादा और मोर्ने मोर्कल ही रह गये हैं।
दक्षिण अफ्रीका चार मैचों की श्रृंखला में अभी 0-1 से पीछे चल रहा है। उसने मोहाली में पहला टेस्ट मैच 108 रन से गंवाया था।