1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. रणजी ट्रॉफी 2018-19: केरल को हराकर विदर्भ ने फाइनल में बनाई जगह

रणजी ट्रॉफी 2018-19: केरल को हराकर विदर्भ ने फाइनल में बनाई जगह

 Edited By: India TV Sports Desk
 Published : Jan 25, 2019 03:37 pm IST,  Updated : Jan 25, 2019 03:37 pm IST

विदर्भ की इस जीत में उमेश यादव की गेंदबाजी की भूमिका सबसे अहम रही। उन्होंने केरल की दोनों पारियों में कुल 12 विकेट हासिल किए।

Wasim Jaffer- India TV Hindi
Wasim Jaffer Image Source : PTI

केरल को सेमीफाइनल मैच में पारी एवं 11 रनों से हराकर विदर्भ क्रिकेट टीम ने शुक्रवार को रणजी ट्रॉफी के फाइनल में प्रवेश कर लिया। कृष्णागिरी स्टेडियम में खेले गए मैच में मिली इस जीत से मौजूदा विजेता विदर्भ ने अपने खिताब को बचाए रखने की उम्मीद और मजबूत कर ली है। विदर्भ की इस जीत में उमेश यादव की गेंदबाजी की भूमिका सबसे अहम रही। उन्होंने केरल की दोनों पारियों में कुल 12 विकेट हासिल किए।

टॉस जीतकर विदर्भ ने केरल को पहले बल्लेबाजी का आमंत्रण दिया था। उमेश (7/48) की शानदार गेंदबाजी के दम पर विदर्भ ने केरल की पहली पारी 106 रनों पर ही समेट दी। इस पारी में केरल के लिए विष्णु विनोद ने सबसे अधिक नाबाद 37 रन बनाए। इसके अलावा, टीम का कोई भी बल्लेबाज खास कमाल नहीं कर सका। 

इस पारी में विदर्भ के लिए उमेश के अलावा, रजनीश गुरबानी ने भी अच्छी गेंदबाजी की और उन्होंने बाकी के तीन विकेट अपने नाम किए। विदर्भ ने इसके बाद, कप्तान फैज फजल (75) की अर्धशतकीय पारी से पहली पारी में 208 रनों का स्कोर खड़ा किया। इसमें वसीम जाफर ने भी 34 रनों का योगदान दिया। 

केरल के लिए संदीप वारियर ने पांच विकेट लिए, वहीं बेसिल थम्पी को तीन सफलताएं मिलीं। दिनेसन निदेश ने दो विकेट हासिल किए। विदर्भ ने एक बार फिर उमेश (5/31) की गेंदबाजी का सकारात्मक परिणाम हासिल करते हुए केरल की दूसरी पारी 91 रनों पर ही समेट दी। इसके अलावा, इस पारी में यश ठाकुर ने चार विकेट अपने नाम किए और विदर्भ ने पारी एवं 11 रनों से जीत हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल