1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ऋषभ पंत को परिपक्व होने में समय लगेगा: पीटरसन

ऋषभ पंत को परिपक्व होने में समय लगेगा: पीटरसन

 Reported By: Bhasha
 Published : Dec 09, 2019 03:11 pm IST,  Updated : Dec 09, 2019 03:11 pm IST

केविन पीटरसन का मानना है कि खराब फार्म से जूझ रहे ऋषभ पंत को परिपक्व होने में समय लगेगा और अभी उसके पास समय है जब वह अपनी पूर्ण क्षमता के अनुरूप प्रदर्शन कर सकेगा। 

ind vs wi- India TV Hindi
ऋषभ पंत को परिपक्व होने में समय लगेगा: पीटरसन Image Source : GETTY IMAGES

नई दिल्ली। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन का मानना है कि खराब फार्म से जूझ रहे ऋषभ पंत को परिपक्व होने में समय लगेगा और अभी उसके पास समय है जब वह अपनी पूर्ण क्षमता के अनुरूप प्रदर्शन कर सकेगा। पिछले कुछ समय से खराब दौर से जूझ रहे पंत आलोचना का सामना कर रहे हैं। बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग के अलावा डीआरएस फैसलों में भी वह नाकाम रहे हैं। 

पीटरसन ने स्टार स्पोटर्स के ‘नैरोलेक क्रिकेट लाइव’ शो पर कहा, ‘‘वह युवा है और उसके भीतर ऊर्जा तथा उत्साह है। वह आईपीएल खेलता है और भारत के लिये भी खेल रहा है। उसके लिये यह सपने जैसा है क्योंकि वह सिर्फ 22 साल का है। उसकी आलोचना भी होगी ही।’’

उन्होंने कहा कि पूर्व खिलाड़ियों और विशेषज्ञों ने पंत की आलोचना इसलिये की है क्योंकि वे चाहते हैं कि वह गलतियों से सबक ले। उन्होंने कहा, ‘‘मैने आईपीएल में उसे काफी करीब से देखा है और वह बार बार एक सी गलतियां करता है। अगर आप ऐसा करते हैं तो क्रिकेट विशेषज्ञ आलोचना करेंगे ही क्योंकि आपको गलतियों से सीखना चाहिये।’’

पीटरसन ने कहा ,‘‘ लेकिन मुझे कभी लगा नहीं कि वह 21 साल का ही है। मुझे लगा कि वह 24 या 25 साल का है। इसी उम्र में आप परिपक्व हो जाते हैं और 27 से 30 की उम्र में अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलते हैं।’’ पिछले सप्ताह भारतीय कप्तान विराट कोहली ने कहा था कि पंत को इतना अलग थलग नहीं करना चाहिये कि मैदान पर उतरते ही वह नर्वस होने लगे।

पीटरसन ने कहा, ‘‘अगर आप उसकी गलतियों को देखें और वह जिस स्थिति में है, टीम और विराट उसके साथ है और एमएस अभी बाहर है, तो उसे लंबा सफर तय करना है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अभी उसके पास काफी समय है और आने वाले समय में वह भारतीय क्रिकेट का सुपरस्टार बनेगा। उसे परिपक्व बनने के लिये समय देना होगा।’’

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल