1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. Road Safety World Series : थरंगा की विस्फोटक पारी से श्रीलंका लेजेंड्स ने बांग्लादेश को 42 रनों से रौंदा

Road Safety World Series : थरंगा की विस्फोटक पारी से श्रीलंका लेजेंड्स ने बांग्लादेश को 42 रनों से रौंदा

 Edited By: IANS
 Published : Mar 11, 2021 09:01 am IST,  Updated : Mar 11, 2021 09:01 am IST

श्रीलंका ने मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया और थरंगा के 47 गेंदों पर 11 चौकों और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 99 रनों की पारी के बदौलत 20 ओवर में छह विकेट पर 180 रन का स्कोर खड़ा किया।

Road Safety World Series, Sri Lanka Legends, Bangladesh - India TV Hindi
Road Safety World Series Image Source : TWITTER/ROAD SAFETY WORLD SERIES

उपुल थरंगा (नाबाद 99) की शानदार पारी और कप्तान तिलकरत्ने दिलशान (3/21) की बेहतरीन गेंदबाजी से श्रीलंका लेजेंड्स ने रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज के मुकाबले में बांग्लादेश लेजेंड्स को 42 रनों से हराकर टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत हासिल की। श्रीलंका ने मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया और थरंगा के 47 गेंदों पर 11 चौकों और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 99 रनों की पारी के बदौलत 20 ओवर में छह विकेट पर 180 रन का स्कोर खड़ा किया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम 20 ओवर में छह विकेट पर 138 रन ही बना सकी। बांग्लादेश की ओर से नजीमुद्दीन ने 41 गेंदों पर पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से सर्वाधिक 54 रन बनाए, जबकि खालीद मशूद 28 और जावेद ओमर दो रन बनाकर नाबाद रहे।

यह भी पढ़ें- ICC Test Ranking में ऋषभ पंत ने लगाई लंबी छलांग, टॉप 10 में पहुंचे इतने भारतीय खिलाड

इस जीत से श्रीलंका की टीम इंडिया लेजेंड्स को पीछे छोड़कर अंक तालिका में 16 अंक लेकर पहले स्थान पर आ गई है।

इससे पहले, दिलशान ने सनत जयसूर्या के साथ मिलकर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। लेकिन जयसूर्या चार रन के स्कोर पर रिटायर हर्ट हो गए और फिर मैदान में नहीं उतर सके।

दिलशान ने इसके बाद थरंगा के साथ पारी को आगे बढ़ाया लेकिन राजिन सालेह ने उन्हें पगबाधा आउट कर दिया। दिलशान ने 23 गेंदों पर छह चौकों के सहारे 33 रन बनाए।

दिलशान के आउट होने के बाद थरंगा ने एक छोर से बल्लेबाजी संभालते हुए विस्फोटक पारी खेली। हालांकि ओवर पूरे होने के कारण वह शतक नहीं बना सके।

श्रीलंका की पारी में चमारा सिल्वा ने 24, फरवीज महरूफ ने 12, रसेल आर्नोल्ड ने एक और नुवान कुलासेकरा ने एक रन का योगदान दिया। बांग्लादेश की ओर से सालेह ने एक, मोहम्मद शरीफ ने एक और कप्तान मोहम्मद रफीक ने एक विकेट लिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश को नजीमुद्दीन और मेहराब हुसैन ने अच्छी शुरुआत दिलाई और दोनों बल्लेबाजों के बीच पहले विकेट के लिए 57 रनों की साझेदारी हुई। दिलशान ने हालांकि हुसैन को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ दिया। हुसैन ने 26 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 27 रन बनाए।

यह भी पढ़ें- आईसीसी ने किया ऐलान, इस वेन्यू पर भारत-न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा WTC का फाइनल मैच

दिलशान ने इसके बाद हनान सरकार (2) और रफीक (4) को आउट कर बांग्लादेश की पारी लड़खड़ा दी। इस बीच आर्नोल्ड ने मुसफिकुर रहमान (5) को आउट कर बांग्लादेश को चौथा झटका दिया। तेजी से रन बना रहे नजीमुद्दीन को धमिका प्रसाद ने आउट किया और बांग्लादेश की आखिरी उम्मीद भी धूमिल हो गई।

धमिका ने इसके बाद सालेह को आउट कर बांग्लादेश को छठा झटका दिया। सालेह ने पांच रन बनाए। श्रीलंका की ओर से दिलशान के अलावा धमिका ने दो और आर्नोल्ड ने एक विकेट लिया।

 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल