1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. SA vs PAK, 2nd ODI : फखर जमां की रिकॉर्डतोड़ पारी के बावजूद साउथ अफ्रीका से हारा पाकिस्तान, 1-1 से बराबर हुआ सीरीज

SA vs PAK, 2nd ODI : फखर जमां की रिकॉर्डतोड़ पारी के बावजूद साउथ अफ्रीका से हारा पाकिस्तान, 1-1 से बराबर हुआ सीरीज

 Edited By: Bhasha
 Published : Apr 04, 2021 10:50 pm IST,  Updated : Apr 04, 2021 10:50 pm IST

साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने पर छह विकेट पर 341 रन बनाने के बाद जमां की शानदार पारी के बाद भी पाकिस्तान को नौ विकेट पर 324 रन पर रोक दिया। 

SA vs PAK, 2nd ODI, Pakistan vs South Africa, ODI series Fakhar Zaman- India TV Hindi
Fakhar Zaman Image Source : TWITTER/ICC

ओपनर बल्लेबाज फखर जमां की 155 गेंद में 193 रन की पारी के बाद भी पाकिस्तान को दूसरे वनडे मैच में रविवार को साउथ अफ्रीका के खिलाफ 17 रन से हार का सामना करना पड़ा। साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने पर छह विकेट पर 341 रन बनाने के बाद जमां की शानदार पारी के बाद भी पाकिस्तान को नौ विकेट पर 324 रन पर रोक दिया। 

जीत के लिए 342 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान के लिए जमां अपना दूसरा दोहरा शतक बनाने से चूक गये लेकिन उन्होंने लक्ष्य का पीछा करते हुए वनडे में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाया। इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के शेन वाटसन के नाम था जिन्होंने 2011 में बांग्लादेश के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए नाबाद 185 रन की पारी खेली थी। 

यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र में लॉकडाउन के बावजूद मुंबई में होंगे आईपीएल के मैच

मैन ऑफ द मैच जमां के अलावा पाकिस्तान का कोई और बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहा। उन्होंने 155 गेंद की पारी के दौरान दूसरे विकेट के लिए कप्तान बाबर आजम (31) के साथ 63 और आठवें विकेट के लिए शाहीन शाह अफरीदी (05) के साथ 68 रन की साझेदारी की। 

आखिरी ओवर में ऐडन मार्कराम के सीधे थ्रो पर रन आउट होने से पहले उन्होंने 18 चौके और 10 छक्के जड़े। साउथ अफ्रीका के लिए एनरिच नोर्जे सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 10 ओवर में 63 रन देकर तीन विकेट लिये। 

इससे पहले विकेटकीपर क्विटोन डिकॉक (80) ने मार्कराम (39) के साथ पहले विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी करने के बाद कप्तान तेम्बा बावुमा (92) के साथ दूसरे विकेट के लिए 114 रन जोड़े साउथ अफ्रीका को शानदार शुरूआत दिलायी। 

यह भी पढ़ें-  IPL 2021 : मोइन अली की अपील पर सीएसके ने अपनी जर्सी से हटाया इस कंपनी लोगो

अनुभवी डिकॉक के आउट होने के बाद बावुमा को शानदार लय में चल रहे रासी वेन डर डुसेन का अच्छा साथ मिला। डुसेन ने 37 गेंद की आक्रामक पारी में 60 रन बनाये। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 10.3 ओवर में 101 रन जोड़ दिये। 

डेविड मिलर ने आखिरी ओवरों में 27 गेंद में नाबाद 50 रन की ताबड़तोड पारी खेल साउथ अफ्रीका के स्कोर को 340 रन के पार पहुंचाया। हारिस राउफ ने पाकिस्तान के लिए तीन विकेट लिये। साउथ अफ्रीका की इस जीत से तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर हो गयी। 

पाकिस्तान ने पहले वनडे को तीन विकेट से जीता था। सीरीज का तीसरा मैच सात अप्रैल को खेला जाएगा।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल