1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. सैम को लगातार टीम में जगह न दिए जाने से हैरान पनेसर ने दिया बड़ा बयान

सैम को लगातार टीम में जगह न दिए जाने से हैरान पनेसर ने दिया बड़ा बयान

 Reported By: Bhasha
 Published : Aug 04, 2020 03:19 pm IST,  Updated : Aug 04, 2020 03:19 pm IST

मोंटी पनेसर ने इंग्लैंड की वनडे टीम में सैम बिलिंग्स को नियमित तौर पर जगह नहीं मिलने पर हैरानी जताते कहा कि आयरलैंड के खिलाफ प्रदर्शन को देखते हुए उनको शीर्ष 6 में स्वत: जगह मिलनी चाहिए।

सैम को लगातार टीम में...- India TV Hindi
सैम को लगातार टीम में जगह न दिए जाने से हैरान पनेसर ने दिया बड़ा बयान Image Source : GETTY

नई दिल्ली। बायें हाथ के पूर्व स्पिनर मोंटी पनेसर ने इंग्लैंड की वनडे टीम में सैम बिलिंग्स को नियमित तौर पर जगह नहीं मिलने पर हैरानी जताते कहा कि आयरलैंड के खिलाफ प्रदर्शन को देखते हुए उनको शीर्ष 6 में स्वत: जगह मिलनी चाहिए।

इंग्लैंड के लिए 2015 में पदार्पण करने वाले 29 साल के बिलिंग्स ने अब तब महज 16 वनडे और 26 टी20 खेले हैं। जो डेनली के चोटिल होने के कारण टीम में शामिल किये गये बिलिंग्स ने आयरलैंड के खिलाफ पहले दो एक दिवसीय में 67 और 46 रन की नाबाद पारियां खेली। 

इंग्लैंड के लिए 50 टेस्ट और 26 एकदिवसीय खेलने वाले 38 साल के पनेसर ने स्पोर्ट्सटाइगर के कार्यक्रम ‘क्रिकेट टॉक्स विद मोंटी पनेसर’ में कहा,‘‘ बिलिंग्स जब भी एकदिवसीय टीम में रहते हुए क्रीज पर होते हैं तो वह काफी सहज दिखते है। मुझे आश्चर्य होता है कि वह नियमित तौर पर एकदिवसीय टीम में क्यों नहीं रहते हैं।’’ 

टेस्ट में 167 विकेट लेने वाले पनेसर का मानना है कि वनडे सीरीज को अपने नाम करने के बाद तीसरे मैच में उपकप्तान मोइन अली को इंग्लैंड का नेतृत्व करना चाहिए, ‘‘मैं मोइन अली को तीसरे वनडे में कप्तानी करते देखना चाहूंगा। मुझे लगता है कि वह स्वाभाविक रूप से उप-कप्तान से ज्यादा कप्तान है। इयोन मोर्गन को आराम दिया जा सकता है या कप्तानी में बदलाव की कोशिश करके देख सकते हैं कि वह किस तरह से नेतृत्व करते हैं।’’ इस 38 साल के खिलाड़ी ने कहा कि तीसरे वनडे में टीम को अधिक युवाओं को मौका देकर बेंच स्ट्रेंथ का आकलन करना चाहिए। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल