1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. शाकिब के बैन पर आया बांग्लादेश की PM का बयान, कहा- उसने गलती की

शाकिब के बैन पर आया बांग्लादेश की PM का बयान, कहा- उसने गलती की

 Reported By: Bhasha
 Published : Oct 29, 2019 11:23 pm IST,  Updated : Oct 29, 2019 11:23 pm IST

बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने निलंबित हरफनमौला शाकिब अल हसन को मदद की पेशकश करते हुए कहा है कि उसने गलती की है लेकिन वह इससे सबक लेकर समझदार होकर वापसी करेगा।

BANGLADESH- India TV Hindi
शाकिब के बैन पर आया बांग्लादेश की PM का बयान, कहा- उसने गलती की  Image Source : TWITTER

ढाका। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना और देश के क्रिकेट बोर्ड ने निलंबित हरफनमौला शाकिब अल हसन को मदद की पेशकश करते हुए कहा है कि उसने गलती की है लेकिन वह इससे सबक लेकर समझदार होकर वापसी करेगा।

एक संदिग्ध भारतीय सटोरिये द्वारा आईपीएल समेत तीन बार पेशकश किये जाने की जानकारी नहीं देने पर बांग्लादेश के कप्तान और स्टार हरफनमौला शाकिब पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने दो साल का प्रतिबंध लगा दिया है जिससे वह तीन नवंबर से शुरू हो रहे भारत दौरे पर नहीं आ सकेंगे।

शाकिब पर एक साल का पूर्ण प्रतिबंध और 12 महीने की अवधि का निलंबित प्रतिबंध लगाया गया है । यह तब लागू होगा अगर शाकिब आईसीसी की भ्रष्टाचार निरोधक संहिता का पालन नहीं करते हैं । वह अगले साल इंडियन प्रीमियर लीग और आस्ट्रेलिया में 18 अक्टूबर से 15 नवंबर 2020 तक होने वाले टी20 विश्व कप में नहीं खेल सकेंगे।

हसीना ने बीडीन्यूज24 से कहा, ‘‘ यह स्पष्ट है कि शाकिब ने गलती की है और उसे इसका अहसास है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘सरकार आईसीसी के फैसले में कुछ नहीं कर सकती लेकिन बीसीबी उनके साथ है।’’

बीसीबी ने एक बयान में कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि वह बेहतर और समझदार क्रिकेटर बनकर वापसी करेगा और प्रतिबंध पूरा होने के बाद बांग्लादेश क्रिकेट की कई साल तक सेवा करेगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘निलंबन के दौरान बीसीबी क्रिकेट में वापसी के उसके प्रयासों में साथ देगा। बीसीबी आईसीसी के फैसले का सम्मान करता है और भ्रष्टाचार के खिलाफ उसकी भी यही राय है।’’ 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल