1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. स्मिथ और वार्नर का नहीं होना भारत में कोहली और रोहित के नहीं होने के बराबर: सौरव गांगुली

स्मिथ और वार्नर का नहीं होना भारत में कोहली और रोहित के नहीं होने के बराबर: सौरव गांगुली

 Reported By: Bhasha
 Published : Nov 14, 2018 08:15 pm IST,  Updated : Nov 14, 2018 08:15 pm IST

क्रिकेट आस्ट्रेलिया का बोर्ड स्मिथ, वार्नर और कैमरन बेनक्राफ्ट पर लगे प्रतिबंध पर अगले हफ्ते तक फैसला कर सकता है

स्मिथ और वार्नर का नहीं होना भारत में कोहली और रोहित के नहीं होने के बराबर: सौरव गांगुली - India TV Hindi
स्मिथ और वार्नर का नहीं होना भारत में कोहली और रोहित के नहीं होने के बराबर: सौरव गांगुली  Image Source : GETTY IMAGES

कोलकाता। पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने बुधवार को कहा कि विराट कोहली के नेतृत्व में खेलने वाली भारतीय टीम के पास आस्ट्रेलिया को हराने का सर्वश्रेष्ठ मौका है जो अपने दो शीर्ष खिलाड़ियों स्टीव स्मिथ और डेविड वार्नर के बिना खेलेगा। क्रिकेट आस्ट्रेलिया का बोर्ड स्मिथ, वार्नर और कैमरन बेनक्राफ्ट पर लगे प्रतिबंध पर अगले हफ्ते तक फैसला कर सकता है लेकिन संकेत हैं कि वह इस दागी तिकड़ी की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में जल्द वापसी के लिए तैयार नहीं हैं। गांगुली ने यहां एक कार्यक्रम के इतर कहा, ‘‘यह भारतीय टीम में रोहित शर्मा और विराट कोहली के नहीं होने की तरह है। यह बड़ा मुद्दा है।’’ 

इस पूर्व भारतीय कप्तान ने कहा, ‘‘यह भारतीय क्रिकेट के लिए बेहतरीन लम्हा है। यह उनके पास आस्ट्रेलिया को हराने का सर्वश्रेष्ठ मौका है।’’ दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड दौरों पर शिकस्त झेलने के बाद कोहली की अगुआई वाली टीम में पास आस्ट्रेलिया में अपनी प्रतिष्ठा बचाने का मौका है। आस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत चार टेस्ट की सीरीज खेलेगा जिसके पहले टेस्ट की शुरुआत छह दिसंबर से एडिलेड में होगी। 

भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण ने इंग्लैंड में 1-4 की हार के दौरान प्रभावित किया था और गांगुली ने कहा, ‘‘मैंने इंग्लैंड में देखा कि उन्होंने (गेंदबाजों) लगभग हर टेस्ट में 20 विकेट चटकाए।’’ गांगुली ने हालांकि भारतीय टीम को चेताया कि वह सतर्क रहे। 

गांगुली ने कहा, ‘‘लेकिन आपको ध्यान रखना होगा कि आस्ट्रेलिया की टीम आस्ट्रेलिया में बिलकुल अलग तरह की टीम होती है। कई लोगों को लगता है कि वे कमजोर टीम हैं लेकिन मुझे ऐसा नहीं लगता।’’ काम्प्लान के ब्रांड दूत गांगुली यहां कंपनी के एक कांटेस्ट के विजेताओं को इनामी राशि देने के कार्यक्रम के लिए आए थे। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल