1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. Ind vs Ban: बंगलादेशी कप्तान महमूदुल्लाह ने हार का ठीकरा फोड़ा बल्लेबाजों पर, कही ये बड़ी बात

Ind vs Ban: बंगलादेशी कप्तान महमूदुल्लाह ने हार का ठीकरा फोड़ा बल्लेबाजों पर, कही ये बड़ी बात

 Reported By: Bhasha
 Published : Nov 08, 2019 12:04 pm IST,  Updated : Nov 08, 2019 12:04 pm IST

महमूदुल्लाह ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि हमें बहुत बदलाव की जरूरत है लेकिन कुछ विभाग हैं, विशेषकर बल्लेबाजी में, जिनमें सुधार की जरूरत है।"

Mahmudullah- India TV Hindi
Mahmudullah Image Source : BCCI

राजकोट। बांग्लादेश के कप्तान महमूदुल्लाह ने भारत के खिलाफ दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में हार के लिये मध्यक्रम के बल्लेबाजों को दोष देते हुए कहा कि उनके बल्लेबाज लय बरकरार रखने में विफल रहे। भारत की स्पिन जोड़ी युजवेंद्र चहल और वाशिंगटन सुंदर ने बीच के ओवरों में रन गति पर अंकुश लगाकर बांग्लादेश को अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठाने दिया और उसकी टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 153 रन ही बना पाई। 

महमूदुल्लाह ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि हमें बहुत बदलाव की जरूरत है लेकिन कुछ विभाग हैं, विशेषकर बल्लेबाजी में, जिनमें सुधार की जरूरत है। हम लय बरकरार नहीं रखे पाये। हमें 170 रन का स्कोर बनाना चाहिए था। हमने 12 ओवर के बाद 102-103 रन बनाए थे इसलिए हमें 170-180 रन तक पहुंचना चाहिए था। ’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘हमने बीच के ओवरों में विकेट गंवाने का खामियाजा भुगता और इस पर हमें गौर करने की जरूरत है। सलामी बल्लेबाजों ने हमें बहुत अच्छी शुरुआत दिलाई थी और इस विकेट पर 180 रन का स्कोर बन सकता था। विकेट बल्लेबाजी के लिये बहुत अच्छा था। ’’ 

बांग्लादेश के कप्तान ने कहा, ‘‘हमें खेल की लय को समझने की जरूरत थी। हमें एक निश्चित समय में मिलने वाली चुनौती को समझना चाहिए था लेकिन हम ऐसा नहीं कर पाये और बड़ा स्कोर नहीं बना सके। ’’ 

महमूदुल्लाह ने हार के लिये बल्लेबाजों को दोषी ठहराया जो बल्लेबाजी के लिये अनुकूल विकेट पर बड़ा स्कोर नहीं बना पाये। उन्होंने कहा, ‘‘मेरा मानना है कि अगर टी20 में आप 40 से अधिक गेंदे खाली छोड़ते हो तो आपकी जीत की संभावना कम हो जाती है। हमने 38 गेंदों पर रन नहीं बनाए। इसमें सुधार करना होगा। हमारे बल्लेबाजों को अधिक जिम्मेदारी लेनी होगी। हमारा लक्ष्य बड़ा स्कोर बनाना था लेकिन हम ऐसा नहीं कर पाये। यह हमारे बल्लेबाजों की नाकामी थी। ’’ 

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने 43 गेंदों पर 85 रन बनाकर मैच को एकतरफा कर दिया था। इससे भारत ने आठ विकेट से जीत दर्ज करके तीन मैचों की श्रृंखला 1-1 से बराबर करायी। महमूदुल्लाह ने कहा, ‘‘जब रोहित अपनी लय में होते हैं तो उन्हें रोकना मुश्किल होता है लेकिन अगर हमने 175 से अधिक का स्कोर बनाया होता तो हमारी जीत की संभावना रहती।’’ 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल