1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टी20 ट्राई सीरीज: फाइनल से पहले पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर दिखाया अपना दम

टी20 ट्राई सीरीज: फाइनल से पहले पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर दिखाया अपना दम

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Jul 05, 2018 07:30 pm IST,  Updated : Jul 05, 2018 07:30 pm IST

ट्राई सीरीज का फाइनल मैच रविवार को ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा।

पाकिस्तान टीम- India TV Hindi
पाकिस्तान टीम

शाहीन अफरीदी के तीन विकेट की बदौलत पाकिस्तान ने जिम्बाब्वे में चल रही टी-20 त्रिकोणीय सीरीज के मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया पर 45 रन की शानदार जीत दर्ज की। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सलामी बल्लेबाज फखर जमान के करियर के सर्वश्रेष्ठ 73 रन (42 गेंद में नौ चौके और तीन छक्के) की पारी से सात विकेट पर 194 रन का स्कोर बनाया। वहीं, बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अफरीदी के तीन विकेट की बदौलत पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को सात विकेट पर 149 रन पर रोक दिया जो एक तरह से रविवार को होने वाले फाइनल की ‘ड्रेस रिहर्सल’ रहा। (Also read: पाकिस्तान के 7 साल के बच्चे की लेग स्पिन देखकर क्लीन बोल्ड हुए शेन वॉर्न)

बल्लेबाजी का न्यौता मिलने के बाद पाकिस्तान ने हैरिस सोहेल का विकेट शून्य पर गंवा दिया लेकिन फखर जमान और हुसैन तलत (30 रन , तीन चौके और एक छक्का) ने 72 रन की भागीदारी निभाकर जीत की बुनियाद रखी। फखर जमान ने इस प्रारूप में अपना तीसरा अर्धशतक जमाया और अपने पिछले 61 रन के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को बेहतर किया। उनके पवेलियन लौटने के बाद आसिफ अली ने तीन चौके और दो छक्के से नाबाद 37 रन बनाकर पाकिस्तान को अच्छा स्कोर बनाने में मदद की। 

इसके बाद उन्होंने गेंद से भी दबदबा बनाते हुए ऑस्ट्रेलिया को शुरू में ही झटके दे दिए। अफरीदी ने ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एरन फिंच को महज 16 रन पर आउट कर दिया। अफरीदी ने अपनी गेंद से बल्लेबाजों को परेशान किया। उन्होंने ग्लेन मैक्सवेल को पगबाधा आउट किया और फिर डार्सी शार्ट को आउट किया जिससे ऑस्ट्रेलिया ने 75 रन पर पांच विकेट गंवा दिए और आखिर में कंगारुओं को हार झेलनी पड़ी। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल