1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. अंडर-19 विश्व कप : भारत ने 41 रनों पर बांधा जापान का पुलिंदा

अंडर-19 विश्व कप : भारत ने 41 रनों पर बांधा जापान का पुलिंदा

 Reported By: IANS
 Published : Jan 21, 2020 03:57 pm IST,  Updated : Jan 21, 2020 03:57 pm IST

जापान की टीम का एक भी बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को नहीं छू सका। भारत की ओर से रवि बिश्नोई ने शानदार गेंदबाजी करते हुए आठ ओवरों में पांच रन देकर चार विकेट लिए जबकि कार्तिक त्यागी को तीन विकेट मिले।

India u19 vs Japan u19- India TV Hindi
India u19 vs Japan u19 Image Source : ICC-CRICKET.COM

ब्लॉमफोनटेन (दक्षिण अफ्रीका)| मौजूदा चैंपियन भारत ने यहां जारी आईसीसी अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप के ग्रुप-ए के अपने दूसरे मैच में मंगलवार को जापान को 41 रनों पर ऑलआउट कर दिया। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए भारतीय टीम ने जापान को 22.5 ओवरों में पवेलियन लौटा दिया। भारत की ओर से रवि बिश्नोई ने शानदार गेंदबाजी करते हुए आठ ओवरों में पांच रन देकर चार विकेट लिए जबकि कार्तिक त्यागी को तीन विकेट मिले। अब भारत को जीत के लिए 42 रनों की दरकार है।

यह अंडर-19 विश्व कप में किसी भी टीम द्वारा बनाया गया अभी तक का संयुक्त रूप से दूसरा सबसे न्यूनतम है। कनाडा और बांग्लादेश भी अंडर-19 विश्व कप में 41-41 रनों पर ऑल आउट हो चुकी हैं।

जापान के शुरुआती दो विकेट पांच रनों के कुल योग पर गिर गए। कप्तान और विकेटकीपर मार्कस थुरगेट एक रन बनाकर कार्तिक त्यागी की गेंद पर बोल्ड हुए। इसके बाद पांच रन के कुल योग पर ही रवि बिश्नोई ने नील डेट (0) को आउट किया।

सात रन बनाने वाले शू नोगुची का विकेट 14 रन के कुल योग पर गिरा। शू को बिश्नोई ने बोल्ड किया। इसके बाद जापान ने 14 रन के कुल योग पर ही काजुमासा ताकाहाशी (0) का विकेट गंवाया।

19 रन के कुल योग पर इशान फार्टयाल (0) आउट हुए और इसी योग पर एश्ले थुरगेट (0) तथा देबाशीष साहू (0) भी चलते बने।

जापान की टीम का एक भी बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को नहीं छू सका। भारत की ओर से आकाश सिंह ने दो और विद्याधर पाटिल ने भी एक विकेट लिया।

भारत अपने पहले मैच में श्रीलंका को 90 रनों से हरा चुका है, जबकि जापान को अपने पहले मैच से एक अंक मिला था। जापान अपने पहले मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले में उतरी थी, लेकिन बारिश के कारण मैच रद्य हो गया था और दोनों टीमों को एक-एक अंक दिया गया था।

भारत एक मैच के बाद दो अंक लेकर इस ग्रुप में शीर्ष पर है जबकि जापान एक मैच के बाद एक अंक के साथ दूसरे नंबर पर है।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल