1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. हार्दिक पंड्या ने बीसीसीआई के कारण बताओ नोटिस के जवाब में मांगी माफी, कहा- कभी नहीं दोहराऊंगा ऐसी गलती

हार्दिक पंड्या ने बीसीसीआई के कारण बताओ नोटिस के जवाब में मांगी माफी, कहा- कभी नहीं दोहराऊंगा ऐसी गलती

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Jan 09, 2019 07:19 pm IST,  Updated : Jan 09, 2019 07:19 pm IST

करन जौहर के चैट शो कॉफी विद करन में अपने विवादित बयानों पर हार्दिक पंड्या ने माफी मांग ली है।

Hardik Pandya, Karan Johar and KL Rahul- India TV Hindi
Hardik Pandya, Karan Johar and KL Rahul Image Source : IMAGE SOURCE : @KARANJOHA

कॉफी विद करन टीवी शो में महिलाओं पर की गई अभद्र टिप्पणी पर फंसे भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने माफी मांग ली है। न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक पंड्या ने बीसीसीआई के कारण बताओ नोटिस का जवाब देते हुए कहा, ‘मैं विनम्रतापूर्वक माफी मांगता हूं।’ नोटिस के जवाब में पंड्या ने माना कि उन्हें इस बात का ऐहसास नहीं था कि उनकी टिप्पणी किसी को ठेस पहुंचा सकती हैं। पंड्या ने कहा, 'मैं एक चैट शो में गया और वहां मैंने कई बयान दिए। बयान देते वक्त मुझे इस बात का बिलकुल भी ऐहसास नहीं था कि मेरे बयानों से किसी को ठेस पहुंच सकती है। अब मैं हर किसी से उन बयानों के लिए माफी मांगता हूं।'

इससे पहले पंड्या ने इंस्टाग्राम पर भी एक पोस्ट डाला था और उसमें भी उन्होंने माफी मांगी थी। पंड्या ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट डालते हुए लिखा था, 'मेरा इरादा किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का नहीं था। कॉफी विद करन में कही गई अपनी बातों से मैंने जिन्हें भी दुख पहुंचाया है, उनसे मैं माफी मांगना चाहता हूं। मैं भावनाओं में बह गया था। मेरा किसी की भी भावनाएं आहत करने का कोई इरादा नहीं था।'

इससे पहले प्रशासकों की समिति ने भारतीय क्रिकेटरों हार्दिक पंड्या और के एल राहुल को बॉलीवुड डायरेक्टर करन जौहर के शो 'कॉफी विद करन' में महिलाओं के बारे में विवादित बयान देने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया था। सीओए के प्रमुख विनोद राय ने कहा था, 'हमने के एल राहुल और हार्दिक पंड्या को कारण बताओ नोटिस भेजा है और उनके विवादित कमेंट्स को लेकर उन्हें 24 घंटे के अंदर इस पर सफाई देने को कहा है।'

साथ ही बीसीसीआई ने शो में की गई पंड्या की टिप्पणियों को ‘मूर्खतापूर्ण और शर्मिंदगी भरा’ बताया। बीसीसीआई के एक सूत्र ने कहा, ‘‘इस बारे में विचार किया जाएगा कि खिलाड़ियों को इस तरह के शो में भाग लेने की अनुमति दी जाए या नहीं, जिनका क्रिकेट से कुछ लेना देना नहीं होता।’’ 

हार्दिक पांड्या के साथ इस एपिसोड में के एल राहुल भी नजर आए थे। पंड्या की टिप्पणी की काफी आलोचना हुई जिन्हें ‘सेक्सिस्ट’ करार किया गया। शो के होस्ट करन जौहर ने जब पंड्या से उनकी निजी जिंदगी के बारे में सवाल किए तो इस पर बात करते हुए उन्होंने कई महिलाओं से अपने संबंधों को बढ़ा-चढ़ाकर बताया था और ये भी कहा था कि वो अपने माता पिता से भी इसके बारे में काफी खुले हुए हैं। ये पूछने पर कि वो क्लब में महिलाओं के नाम क्यों नहीं पूछते तो पंड्या ने कहा, ‘‘मैं उन्हें (महिलाओं) देखना चाहता हूं कि उनकी चाल ढाल कैसी है। मैं थोड़ा ऐसा ही हूं इसलिए मुझे ये देखना होता है कि वे कैसा बर्ताव करेंगी।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल