इंग्लैंड एंड वेल्स में आगामी 30 मई से क्रिकेट का महासंग्राम खेला जाना है। जिससे पहेल टीम इंडिया को एक बड़ी खुशखबरी मिली है। दरअसल टीम इंडिया के अरसे से चले आ रहे नंबर चार के जख्म पर के. एल. राहुल ने मरहम लगाकर कप्तान विराट कोहली के सरदर्द को कम कर दिया है।
कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में खेले जाने वाले अभ्यास मैच में भी भारत के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (1) और 50 के कुल स्कोर पर रोहित शर्मा (19) के विकेट खो दिए थे। जिसके बाद नंबर चार पर उतरे के. एल. राहुल ने मौके का भरपूर फायदा उठाया और 99 गेंदों में 108 रन की बेहतरीन पारी खेली। इतना ही नहीं इसके बाद भारत के पूर्व कैप्टन कूल कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने भी माही अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए दमदार शतक जड़ा। जिसके चलते भारत ने बांग्लादेश के सामने 360 रनों का विशाल लक्ष्य रखा।
बात अगर नम्बर चार पर आए के.एल. राहुल की करें तो न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वॉर्मअप मैच में महज 6 ही रन बना सके थे और उस मैच में चोट के चलते विजय शंकर हिस्सा नहीं ले सके थे। मगर बांग्लादेश के खिलाफ विजय शंकर की टीम में मौजूदगी के बावजूद राहुल को दोबारा चौथे नंबर पर उतारे जाने का यह भी मतलब है कि टीम प्रबंधन उन्हें ही इस क्रम पर आजमाने का मन बना चुका है।
हालाँकि विजय शंकर, दिनेश कार्तिक, केदार जाधव और महेंद्र सिंह धोनी नंबर चार के लिए भारतीय टीम प्रबंधन की सूची में हैं। इन सभी में विजय शंकर का नाम सबसे आगे चल रहा था। लेकिन केएल राहुल के इस शतक के बाद विजय शंकर टीम प्रबंधन की प्राथमिकता में अब जरूर नीचे खिसक गए होंगे। क्योंकि आज के मैच में शंकर सिर्फ 2 रन ही बना पाए। ऐसे में फॉर्म में चल रहे के. एल. राहुल अब 5 जून को साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाले पहले मैच में नंबर चार के प्रबल दावेदार बन गए हैं।
राहुल की शतकीय पारी के बाद टीम इंडिया का मैनेजमेंट महेंद्र सिंह धोनी के बल्ले से 2 साल बाद शतक देख कर काफी खुश होगा। पिछले काफी समय से धोनी टीम इंडिया की नीली जर्सी में कमाल नहीं दिखा पा रहे थे। ऐसे में उनके फॉर्म में आने से कोहली सेना का आत्मविश्वास काफी बढ़ा होगा। जिसके साथ वो अपने पहले मैच में साउथ अफ्रीका के सामने मैदान में विजय हासिल करने के लिए उतरेगी।