इंग्लैंड के हाथों पांच मैचों की वनडे सीरीज में सूपड़ा साफ़ होने के बाद पाकिस्तान को 2019 विश्वकप के लिए अपने पुराने गेंदबाजो को याद गई हैं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने आज विश्व कप के लिए अपनी टीम का ऐलान किया है। पीसीबी के मुख्य चयनकर्ता इंजमाम उल हक ने लाहौर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान फाइनल 15 सदस्यीय टीम का ऐलान किया।
विश्व कप के लिए इंग्लैंड जाने वाले पाकिस्तान स्क्वाड में आसिफ अली और मोहम्मद आमिर और वहाब रियाज का नाम शामिल है। ये तीनों खिलाड़ी वनडे स्क्वाड में मौजूद आबिद अली, फहीम अशरफ और जुनैद खान की जगह लेंगे।
पूर्व क्रिकेटर इंजमाम उल हक ने कहा, “इंग्लैंड के खिलाफ हमारी गेंदबाजी यूनिट ने वैसा प्रदर्शन नहीं किया जिसकी हमें उम्मीद थी। अगर हमारे पास आमिर और वहाब जैसे अनुभवी तेज गेंदबाज होते तो फायदा होता, उन्हें टीम में ना शामिल करने बेवकूफी होगा।”
30 मई से शुरू होने वाले 2019 विश्वकप में पाकिस्तान अपने खिताबी जीत के अभियान कि शुरुआत 31 मई को वेस्टइंडीज के खिलाफ करेगा जबकि भारत से उसका मुकाबला 14 जून को खेला जाना है। जिसमें एक बार फिर फैंस को मोहम्मद आमिर बनाम रोहित शर्मा, विराट कोहली के बीच गेंद और बल्ले से कांटे कि टक्कर देखने को मिलेगी।
बता दें कि 2017 आईसीसी चैम्पियंस ट्राफी में मोहम्मद आमिर ने ही अपने पहले स्पेल में रोहित शर्मा, शिखर धवन और विराट कोहली को चलता कर इंग्लैंड की सरजमीं पर पाकिस्तान को चैम्पियंस ट्राफी का ख़िताब जीताया था। जिसके बाद अब एक बार फिर पाकिस्तान विश्वकप में भारत पर पुराने हथियार से हमला करने को तैयार है।
पाकिस्तान का विश्व कप स्क्वाड: फखर जमान, इमाम उल हक, आसिफ अली, बाबर आजम, हैरिस सोहेल, मोहम्मद हफीज, सरफराज अहमद, शोएब मलिक, इमाद वसीम, हसन अली, मोहम्मद आमिर, शाहीन आफरीदी, वहाब रियाज।