1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. नंबर 3 पर बल्लेबाजी के लिये टीम में हर किसी को मनाना पड़ा: शाकिब अल हसन

नंबर 3 पर बल्लेबाजी के लिये टीम में हर किसी को मनाना पड़ा: शाकिब अल हसन

 Reported By: Bhasha
 Published : Jun 09, 2019 02:10 pm IST,  Updated : Jun 09, 2019 02:10 pm IST

शाकिब अल हसन ने कहा कि वह बल्लेबाजी क्रम में नंबर 3 पर उतरने का पूरा लुत्फ उठा रहे हैं लेकिन इसके लिये उन्हें अपनी टीम के साथियों को समझाना पड़ा था।

नंबर 3 पर बल्लेबाजी के...- India TV Hindi
नंबर 3 पर बल्लेबाजी के लिये टीम में हर किसी को मनाना पड़ा: शाकिब अल हसन Image Source : GETTY IMAGES

कार्डिफ। बांग्लादेश के स्टार आलराउंडर शाकिब अल हसन ने कहा कि वह बल्लेबाजी क्रम में नंबर तीन पर उतरने का पूरा लुत्फ उठा रहे हैं लेकिन इसके लिये उन्हें अपनी टीम के साथियों को समझाना पड़ा था।

शाकिब ने विश्व कप में अब तक जो तीन मैच खेले हैं उन सभी में 50 से अधिक का स्कोर बनाया है और बल्लेबाजी क्रम में नंबर पांच के बजाय ऊपरी क्रम में नंबर तीन पर आने का टीम को फायदा मिल रहा है।

इंग्लैंड के खिलाफ शनिवार को गेंदबाजी का भी आगाज करने वाले इस आलराउंडर ने स्वीकार किया कि उन्हें टीम में हर किसी को समझाना पड़ा कि उनके बल्लेबाजी क्रम में ऊपर आने से टीम को फायदा मिलेगा।

शाकिब ने कहा, ‘‘हां, मुझे हर किसी को समझाना पड़ा। अगर मैं एक मैच में रन नहीं बनाता तो उन्हें लगता कि इसे नंबर पांच पर ही बल्लेबाजी करनी चाहिए। यह उसके लिये उपयुक्त स्थान है। यह अलग तरह की चुनौती है। आपको इस तरह की चुनौतियों का सामना करना चाहिए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन मैं अभी इसका पूरा लुत्फ उठा रहा हूं लेकिन अभी यह शुरुआत है तथा मुझे बल्ले और गेंद से अधिक से अधिक योगदान देने की जरूरत है। ’’

शाकिब की 121 रन की पारी के बावजूद बांग्लादेश मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ इस मैच में 106 रन से हार गया था। उन्होंने कहा, ‘‘मैं परिणाम से निराश हूं और विशेषकर जिस तरह से हमने गेंदबाजी की। मुझे लगता है कि हमने दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के खिलाफ वास्तव में बहुत अच्छी गेंदबाजी की थी।’’

शाकिब ने आगे कहा, ‘‘ हमें इस मैच में भी बेहतर गेंदबाजी की उम्मीद थी लेकिन इंग्लैंड ने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की। उसके बल्लेबाजों को श्रेय जाता है। जिस तरह से उनकी सलामी जोड़ी ने शुरुआत की और जिस तरह से जोस बटलर ने पारी का समापन किया वह मुझे लगता है कि मैच का टर्निंग प्वाइंट रहा।’’ 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल