Vaibhav Suryavanshi in Vijay Hazare Trophy: वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर बल्ले से कमाल कर दिया है। वैभव सूर्यवंशी ने 40 से कम गेंदों में शतक ठोक क्रिकेट जगत में सनसनी मचा दी है। 14 साल के वैभव ने विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में बिहार के लिए पहले ही मैच में महज 36 गेंदों में ताबड़तोड़ शतक ठोकने का कारनामा कर दिखाया है। इस शतक की बदौलत उनका नाम दिग्गज बल्लेबाजों के क्लब में शामिल हो गया।
टॉस जीतकर वैभव सूर्यवंशी और मंगल कुमार महरौर ने बिहार की पारी का ताबड़तोड़ अंदाज में आगाज किया। वैभव और महरौर के बीच 158 रनों की शानदार साझेदारी हुई। इस दौरान वैभव ने अरुणाचल प्रदेश के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए शतक जड़ दिया। इसके साथ ही उन्होंने लिस्ट-ए क्रिकेट के इतिहास में सबसे तेज शतक जड़ने के मामले में न्यूजीलैंड के कोरी एंडरसन और इंग्लैंड के ग्राहम रोज की बराबरी कर ली। कोरी एंडरसन ने साल 2014 में क्वींसटाउन में वेस्टइंडीज के खिलाफ 36 गेंदों पर सेंचुरी ठोकने का कमाल किया था। वहीं, ग्राहम रोज ने साल 1990 में सोमरसेट की ओर से खेलते हुए डेवोन के खिलाफ 36 गेंदों पर शतक बनाया था। उस मैच में उन्होंने 110 रनों की पारी खेली थी।
यही नहीं, वैभव लिस्ट-ए क्रिकेट के इतिहास में दूसरा सबसे तेज सैकड़ा जड़ने वाले भारतीय हैं। लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक जड़ने वाले भारतीय अनमोलप्रीत सिंह हैं। उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी 2024-25 में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ पंजाब के लिए महज 35 गेंदों पर शतक ठोका था।
लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक जड़ने वाले बल्लेबाज
- जेक फ्रेजर-मैकगर्क - 29 गेंदें
- एबी डिविलियर्स - 31 गेंदें
- अनमोलप्रीत सिंह - 35 गेंदें
- कोरी एंडरसन - 36 गेंदें
- वैभव सूर्यवंशी - 36 गेंदें
धोनी के घर में वैभव का कमाल
14 साल के वैभव ने धोनी के घर यानी रांची के जेएससीए ओवल ग्राउंड में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 10 चौके और 8 छक्के जड़ते हुए अपना सैकड़ा पूरा किया। 14 साल के स्टार बल्लेबाज के लिस्ट-ए करियर का यह पहला शतक है। इससे पहले वह T20 क्रिकेट में 3 तूफानी शतक जड़ चुके हैं। हालांकि, फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनका शतक आना अभी बाकी है।
गौरतलब है कि वैभव के लिए साल 2025 शानदार रहा है। उन्होंने इस साल IPL और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शतक जड़ा। यही नहीं, ऑस्ट्रेलिया दौरे पर यूथ टेस्ट में भी सैकड़ा ठोका। इसके अलावा उन्होंने U19 एशिया कप और यूथ ODI में शतक जड़ने का कमाल किया है। और अब विजय हजारे में सेंचुरी लगाते हुए अपनी बैटिंग का लोहा मनवा दिया है।
यह भी पढ़ेंं:
टूटेगा एडम गिलक्रिस्ट का 24 साल पुराना कीर्तिमान? एलेक्स कैरी को सिर्फ इतने रनों की दरकार
इंग्लिश खिलाड़ियों ने नूसा ट्रिप पर जमकर पी शराब? ECB ने शुरू की जांच