Jasprit Bumrah Wicket: आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन उतना अच्छा नहीं रहा है। पहले पांच मैचों में उनकी टीम सिर्फ एक में जीत दर्ज कर पाई थी। इसके बाद उन्हें बाकी के चार में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। इन पांच मैचों में मुंबई इंडियंस की टीम को सबसे बड़ी टेंशन जसप्रीत बुमराह के फॉर्म को लेकर थी। आईपीएल के इस सीजन वह पहले पांच मैचों में एक भी विकेट नहीं ले पाए थे। ऐसे में उनके फॉर्म को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। लेकिन गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में उन्होंने विकेट लेकर राहत की सांस ली।
153 गेंदों के बाद जसप्रीत बुमराह को मिला विकेट
आईपीएल में जसप्रीत बुमराह ने इससे पहले अपना आखिरी विकेट गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में ही पिछले सीजन लिया था। उस मैच में उन्होंने वाशिंगटन सुंदर को आउट किया था। उसके बाद से लेकर अब तक जसप्रीत बुमराह को 153 गेंदों तक कोई विकेट नहीं मिली थी। वह 154वीं गेंद पर विकेट लेने में कामयाब रहे। उन्होंने लंबे समय के बाद पहले ओवर में गेंदबाजी की और वहां उन्होंने पहली ही गेंद पर विकेट लेकर कमाल कर दिया।
विकेट लेने के बाद जसप्रीत बुमराह की खुशी सातवें आसमान पर
गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में जसप्रीत बुमराह ने स्टार ओपनर साई सुदर्शन को कवर्स के फील्डर के हाथों कैचआउट करवाया। जैसे ही फील्डर ने उनका कैच लपका, स्टेडियम में फैंस इसका जश्न मनाने लगे, जबकि मुंबई के सभी खिलाड़ी विकेट को सेलिब्रेट करने के लिए सीधे बुमराह की ओर दौड़ पड़े। कप्तान हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव ने तो खास तौर अपने स्टार गेंदबाज को जोर से गले लगा लिया। जिस तरह से बुमराह ने इस विकेट का जश्न मनाया वो देखने लायक था। इसका वीडियो भी फैंस को काफी पसंद आ रहा है।
मुंबई इंडियंस ने बनाए 199 रन
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुंबई इंडियंस ने पहले बैटिंग करते हुए 199 रन का बड़ा स्कोर बनाया था। मुंबई के लिए इस मैच में तिलक वर्मा ने शतक लगाया। इस स्कोर को डिफेंड करने के लिए मुंबई को अपने गेंदबाजों से भी जोरदार प्रदर्शन की जरूरत थी। बुमराह ने पहली ही गेंद पर विकेट लेकर GT को बैकफुट पर धकेल दिया। इसके बाद गुजरात की टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती चली गई।
यह भी पढ़ें
6,4,4,6,6,6,0: तिलक वर्मा के बल्ले का बवंडर, महज इतनी गेंदों में शतक ठोक रच दिया इतिहास
कगिसो रबाडा ने लसिथ मलिंगा को छोड़ा पीछे, 3 विकेट लेते ही किया बड़ा कारनामा