1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND A vs ENG Lions: कैसे होगी प्लेइंग इलेवन में एंट्री! हर मिले मौके पर हो रही चूक

IND A vs ENG Lions: कैसे होगी प्लेइंग इलेवन में एंट्री! हर मिले मौके पर हो रही चूक

 Published : Jun 06, 2025 06:45 pm IST,  Updated : Jun 06, 2025 06:45 pm IST

भारत ए बनाम इंग्लैंड लायंस मैच में भी कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन का बल्ला नहीं चला, पहली पारी में वे सस्ते में आउट होकर वापस चले गए।

abhimanyu easwaran- India TV Hindi
अभिमन्यु ईश्वरन Image Source : GETTY

India A vs England Lions: भारत ए और इंग्लैंड लायंस के बीच मुकाबला खेला जा रहा है। इसका पहला दिन है। लेकिन इस बीच एक खिलाड़ी ने लगातार निराश किया है। उसे भारत बनाम इंग्लैंड सीरीज के लिए टीम में जगह मिली है, लेकिन जिस तरह का खेल हो रहा है, उससे नहीं लगता कि 20 जून से होने वाले टेस्ट में उसे मौका मिलेगा। यहां ध्यान रखने वाली बात ये है कि डोमेस्टिक क्रिकेट में उस बल्लेबाज ने ​रनों का अंबार लगाया है, लेकिन फिर भी अभी तक इंटरनेशनल टेस्ट डेब्यू का मौका नहीं मिल पाया है। 

अभिमन्यु ईश्वरन से नहीं बने इंग्लैंड लायंस के खिलाफ रन

भारत ए बनाम इंग्लैंड लायंस मैच के लिए बीसीसीआई ने अभिमन्यु ईश्वरन को कप्तान बनाया है। जब इंग्लैंड लायंस के खिलाफ पहला मैच खेला गया था तो उसकी पहली पारी में अभिमन्यु ने केवल आठ रन बनाए और पवेलियन लौट गए। इसके बाद दूसरी पारी में 68 रन बनाए। चार दिन का मैच तब तक ड्रॉ हो चुका था। इसके बाद जब शुक्रवार से शुरू हुए दूसरे मैच में वे खेलने के लिए उतरे तो केवल 11 रन ही बना सके और आउट हो गए। 

ऑस्ट्रेलिया के साथ प्रैक्टिस मैच भी नहीं चला था अभिमन्यु का बल्ला

इससे पहले आपको याद होगा कि जब टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर गई थी, तब भी वे भारत ए टीम में थे और उस वक्त वे दो मैचों की चार पारियों में 36 रन ही बना सके थे। तब वे भारत के मुख्य स्क्वाड का भी हिस्सा थे, लेकिन उन्हें टेस्ट मैच खेलने का मौका नहीं मिल पाया था। उस वक्त जब भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मुकाबला हुआ तो रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी में केएल राहुल से ओपनिंग कराई गई और देवदत्त पडिक्कल ​मीडिल आर्डर में आए। लेकिन अभिमन्यु को मौका नहीं दिया गया। 

प्रथम श्रेणी में अभिमन्यु ने लगाया है रनों का अंबार

वैसे अभिमन्यु ईश्वरन प्रथम श्रेणी के दमदार खिलाड़ी हैं। अब तक 102 प्रथम श्रेणी मैच खेलकर वे 7750 रन बना चुके हैं, उनके नाम 27 शतक और 30 अर्धशतक हैं। उनका औसत करीब 48 का है, लेकिन अभी तक वे भारत के लिए टेस्ट डेब्यू नहीं कर पाए हैं। वनडे और टी20 में तो वैसे भी उनका ज्यादा नाम नहीं है। रोहित शर्मा के ​टेस्ट रिटायरमेंट के बाद ओपनिंग के सबसे बड़े दावेदार अभिमन्यु ही हैं, लेकिन लगता नहीं कि उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ मौका दिया जाएगा। 

केएल राहुल और जायसवाल कर सकते हैं ओपनिंग

इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में यशस्वी जायसवाल के साथ केएल राहुल ओपनिंग करते हुए नजर आ सकते हैं, वहीं ​मिडल आर्डर की जिम्मेदारी शुभमन गिल, साई सुदर्शन और करुण नायर जैसे बल्लेबाज संभालेंगे। हालांकि इसी मैच की दूसरी पारी में ​अभी अभिमन्यु के पास मौका है कि वे बड़ी पारी खेलकर अपनी दावेदारी पेश करें, लेकिन देखना होगा कि वे उसमें कैसा प्रदर्शन करते हैं। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल