1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. शतक से चूके अभिषेक, DC के बल्लेबाज ने लगाए 12 बाउंड्रीज, टीम ने बना दिए इतने रन

शतक से चूके अभिषेक, DC के बल्लेबाज ने लगाए 12 बाउंड्रीज, टीम ने बना दिए इतने रन

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Jan 12, 2026 02:03 pm IST,  Updated : Jan 12, 2026 02:04 pm IST

विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के क्वार्टर फाइनल मुकाबले शुरू हो चुके हैं। बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खेले जा रहे दूसरे क्वार्टर फाइनल में यूपी और सौराष्ट्र की टीमें आमने-सामने हैं।

UP Cricket Team- India TV Hindi
यूपी क्रिकेट टीम Image Source : PTI

विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 का दूसरा क्वार्टर फाइनल मैच उत्तर प्रदेश और सौराष्ट्र के बीच खेला जा रहा है। ये मैच बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के ग्राउंड 2 में खेला जा रहा है। इस मैच में सौराष्ट्र ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए यूपी की टीम ने 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 310 रन बनाए। टीम के लिए इस मैच में अभिषेक गोस्वामी और समीर रिजवी ने अर्धशतक लगाया और टीम के स्कोर को 300 के पार पहुंचाया।

अभिषेक गोस्वामी शतक लगाने से चूके

अभिषेक गोस्वामी और आर्यन जुयाल इस मैच में उत्तर प्रदेश के लिए पारी का आगाज करने आए थे। आर्यन इस मैच में बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद ऋतुराज शर्मा और रिंकू सिंह भी कुछ खास कमाल नहीं कर सके। हालांकि टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों के फ्लॉप शो के बीच गोस्वामी दूसरे छोर से संभलकर बैटिंग करते रहे और उन्होंने उन्होंने 82 गेंदों पर 88 रन बनाए और शतक लगाने से चूक गए। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 12 चौके लगाए। उनके आउट होने के बाद यूपी की पारी फिर से लड़खड़ाती हुई दिखी।

समीर रिजवी 88 रन बनाकर नाबाद लौटे

इसके बाद नंबर 6 पर बैटिंग करने उतरे समीर रिजवी ने प्रशांत वीर, विपराज निगम और जीशान अंसारी के साथ मिलकर छोटी-छोटी साझेदारियां की। समीर रिजवी ने आखिरी ओवर तक बल्लेबाजी की और वह अंत में 77 गेंदों में 88 रन बनाकर नाबाद लौटे। इस दौरान उन्होंने 10 चौके और दो छक्के सहित कुल 12 बाउंड्रीज लगाए। समीर रिजवी इस आईपीएल सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए नजर आएंगे। आईपीएल से पहले वह इस समय शानदार फॉर्म से गुजर रहे हैं।

चेतन साकरिया ने झटके 3 विकेट

अभिषेक और समीर की बेहतरीन पारियों के बदौलत उत्तर प्रदेश ने सौराष्ट्र के सामने 311 रनों का टारगेट रखा है। सौराष्ट्र की गेंदबाजी की बात करें तो वहां चेतन साकरिया ने 10 ओवर में 54 रन खर्च करते हुए 3 विकेट अपने नाम किए। वहीं अंकुर पंवार और प्रेरक मांकड़ ने दो-दो विकेट चटकाए। अब देखना ये होगा कि इस मैच को जीतकर कौन सी टीम सेमीफाइनल में जगह पक्की करती है। टूर्नामेंट में कुल 32 टीमों ने हिस्सा लिया था, जिसमें से 8 टीमों ने नॉकाउट राउंड में जगह बनाई थी।

यह भी पढ़ें

विराट कोहली फिर से बनेंगे नंबर एक बल्लेबाज, रोहित शर्मा को आईसीसी रैंकिंग में होगा जबरदस्त नुकसान!

टी20 वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया को एक और झटका! न्यूजीलैंड सीरीज से बाहर हो सकता है ये खिलाड़ी

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल