Abhishek Sharma T20 Asia Cup 2025: भारत और श्रीलंका के बीच टी20 एशिया कप 2025 में मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में श्रीलंकाई टीम के कप्तान चरित असलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। इसके बाद भारत के लिए अभिषेक शर्मा ने दमदार बल्लेबाजी का नमूना पेश किया।
अभिषेक शर्मा की धमाकेदार बल्लेबाजी
अभिषेक शर्मा ने मैदान पर उतरते ही ताबड़तोड़ बैटिंग की और विरोधी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाकर रख दीं। उन्होंने सिर्फ 22 गेंदों में ही अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। उन्होंने 31 गेंदों में 61 रन बनाए हैं, जिसमें 8 चौके और दो छक्के शामिल रहे हैं। उनका विकेट चरित असलंका ने हासिल किया है।
तोड़ डाला मोहम्मद रिजवान का रिकॉर्ड
मैच में अर्धशतक लगाते ही वह टी20 एशिया कप के एक एडिशन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले प्लेयर बन गए हैं। उन्होंने मोहम्मद रिजवान का रिकॉर्ड तोड़ा है। अभिषेक शर्मा ने एशिया कप 2025 में कुल 309 रन बना लिए हैं। जबकि रिजवान ने टी20 एशिया कप 2022 में कुल 281 रन बनाए थे। अब अभिषेक टी20 एशिया कप के एक एडिशन में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में सभी प्लेयर्स से आगे निकल गए हैं।
अभिषेक ने टी20 एशिया कप में किया कमाल
अभिषेक शर्मा बहुत ही शानदार फॉर्म में चल रहे हैं और उनके बल्ले से खूब रन निकल रहे हैं। मौजूदा टूर्नामेंट में उनकी ये लगातार तीसरी फिफ्टी है और वह 6 मैचों में अभी तक 309 रन बना चुके हैं। अभिषेक पहले ऐसे बल्लेबाज बने हैं, जिन्होंने टी20 एशिया कप के एक एडिशन में 300+ रन बनाए है। उनसे पहले ऐसा कोई भी नहीं कर पाया था।
अभिषेक शर्मा ने भारतीय क्रिकेट टीम के लिए साल 2024 में जिम्बाव्बे के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। उसके बाद से ही वह टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और अहम कड़ी बने हुए हैं। उन्होंने अभी तक 23 T20I मैचों में कुल 844 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक और तीन अर्धशतक शामिल रहे हैं।
यह भी पढ़ें:
India vs Sri Lanka Cricket Score Live
भारत बनाम पाकिस्तान मैच से पहले झटका, सूर्यकुमार यादव को ICC ने सुनाई कड़ी सजा