1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. स्टुअर्ट ब्रॉड बनते-बनते रह गए आदिल रशीद, एक ओवर में खाए 5 छक्के

स्टुअर्ट ब्रॉड बनते-बनते रह गए आदिल रशीद, एक ओवर में खाए 5 छक्के

 Written By: Vanson Soral
 Published : Jun 08, 2025 10:27 pm IST,  Updated : Jun 08, 2025 11:05 pm IST

इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे T20I मैच में आदिल रशीद की जमकर धुनाई हुई। वेस्टइंडीज के रोमारियो शेफर्ड और जेसन होल्डर ने मिलकर रशीद के ओवर से 31 रन बटोर लिए।

England Cricket- India TV Hindi
आदिल रशीद Image Source : GETTY

ENG vs WI, 2nd T20I: वेस्टइंडीज की टीम इंग्लैंड दौरे पर है। 3 मैचों की वनडे सीरीज 0-3 से हारने के बाद वेस्टइंडीज मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ 3 मैचों की T20I सीरीज खेल रही है। पहला T20I 28 रन से हारने के बाद दोनों टीमों का ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड में आमना-सामना हुआ। इस दौरान कुछ ऐसा हुआ, जिससे स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में लगे 6 छक्कों की यादें ताजा हो गई। 

दरअसल, वेस्टइंडीज के दो धमाकेदार बल्लेबाज जेसन होल्डर और रोमारियो शेफर्ड ने 19वें ओवर में गेंदबाजी करने आए आदिल रशीद की जमकर धुनाई की। इस ओवर ने स्टेडियम का माहौल ही बदल दिया और दर्शकों को स्टुअर्ट ब्रॉड के उस ओवर की याद आ गई, जिसमें युवराज सिंह ने 6 गेंदों पर 6 छक्के उड़ाए थे। इंग्लैंड के अनुभवी लेग स्पिनर रशीद ने 19वें ओवर में 31 रन लुटाए। इस ओवर में 5 छक्के देखने को मिले। 

छक्कों की लगी झड़ी

आदिल रशीद ने जब 19वां ओवर फेंकना शुरू किया, तो वेस्टइंडीज का स्कोर 149 रन था, लेकिन ओवर खत्म होते-होते स्कोर 180 पहुंच गया। जेसन होल्डर ने आदिल रशीद के ओवर का स्वागत छक्के से किया और फिर अगली दोनों गेंदों पर 2 गगनचुंबी छक्के उड़ा दिए। इसके बाद चौथी गेंद पर सिंगल लेकर रोमारियो शेफर्ड को स्ट्राइक दे दी। होल्डर से प्रेरित होकर रोमारियो ने भी आखिरी 2 गेंदों पर 2 छक्के जड़ दिए। इस तरह वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने एक ओवर में 5 छक्के जड़ने का बड़ा कारनामा कर दिया। वहीं, आदिल रशीद के नाम बहुत महंगा ओवर दर्ज हो गया। 

वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड को दिया 197 रनों का लक्ष्य

इस एक ओवर में रशीद ने 31 रन दे दिए और T20I क्रिकेट में स्टुअर्ट ब्रॉड के बाद एक ओवर में 30 से ज्यादा रन लुटाने वाले दूसरे इंग्लिश गेंदबाज बन गए। अगर रशीद एक और छक्का खा जाते तो वो इतिहास में स्टुअर्ट ब्रॉड के शर्मनाक क्लब में शामिल जाते। हालांकि, चौथी गेंद पर सिंगल आया, जिससे आदिल रशीद एक ओवर में 6 छक्के खाने से बाल-बाल बच गए। इस ओवर के चलते वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 196 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। 

T20I में एक ओवर में सबसे ज्यादा रन लुटाने वाले इंग्लिश गेंदबाज

  • स्टुअर्ट ब्रॉड - 36 रन
  • आदिल रशीद - 31 रन
  • सैम करन - 30 रन
  • सैम करन - 30 रन
  • लियाम लिविंगस्टोन - 30 रन

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल