1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 784 दिन और 77 पारियों के बाद चला टॉम लैथम का बल्ला, आखिरी बार भारत के खिलाफ ही किया था ये कमाल

784 दिन और 77 पारियों के बाद चला टॉम लैथम का बल्ला, आखिरी बार भारत के खिलाफ ही किया था ये कमाल

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Feb 19, 2025 07:23 pm IST,  Updated : Feb 19, 2025 07:23 pm IST

न्यूजीलैंड के मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज टॉम लैथम ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के पहले मैच में शानदार शतक लगाया। इस मैच में वो 118 रन बनाकर नाबाद लौटे।

Tom Latham- India TV Hindi
टॉम लैथम Image Source : AP

पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच कराची के नेशनल स्टेडियम में चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का पहला मैच खेला जा रहा है। इस मैच में पाकिस्तान के कप्तान मोहम्मद रिजवान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया जो सही साबित होता हुआ नहीं दिख रहा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए कीवी टीम ने 300 से अधिक रन बनाए। इस दौरान न्यूजीलैंड की तरफ से दो बल्लेबाजों ने शतकीय पारी खेली।

लैथम और यंग ने न्यूजीलैंड की लड़खड़ाती हुई पारी को संभाला

पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज विल यंग और डेवोन कॉनवे ने टीम को अच्छी शुरुआत दी। लेकिन इसके बाद न्यूजीलैंड ने लगातार अंतराल पर कुछ विकेट गंवाए। एक समय ऐसा लग रहा था कि, न्यूजीलैंड के लिए यहां से बड़ा स्कोर बना पाना संभव नहीं है। लेकिन यहां से विल यंग ने शानदार शतक लगाकर टीम की वापसी करवाई। उसके बाद टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज टॉम लैथम ने भी शतकीय पारी खेली। इन दोनों बल्लेबाजों के बदौलत कीवी टीम इस मुकाबले में वापसी करने में कामयाब रही।

784 दिन और 77 पारियों के बाद लैथम के बल्ले से निकला शतक

टॉम लैथम का ये शतक कई मायनों में खास है। दरअसल इस मैच से पहले इंटरनेशनल क्रिकेट में टॉम लैथम का बल्ला नहीं चल रहा था। पिछली 77 पारियों में उनके बल्ले से कोई शतक नहीं आया था। ऐसे में चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े टूर्नामेंट में फॉर्म हासिल करने से अच्छी बात किसी बल्लेबाज के लिए क्या हो सकती है। आपको बता दें कि, 784 दिनों के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में टॉम लैथम का ये पहला शतक है, वहीं वनडे फॉर्मेट में यह उनका आठवां शतक है। जाहिर तौर पर इस पारी से टॉम लैथम और उनकी टीम को काफी कॉन्फिडेंस मिला होगा। आपको बता दें कि वनडे फॉर्मेट में टॉम लैथम ने आखिरी शतक भारत के खिलाफ लगाया था।

पाकिस्तान के सामने न्यूजीलैंड ने रखा 321 रनों का लक्ष्य 

मुकाबले की बात करें तो न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान के सामने 321 रनों का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 320 रन बनाए। न्यूजीलैंड की तरफ से सलामी बल्लेबाज विल यंग (113 गेंदो में 107) और मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज टॉम लैथम (103 गेंदों में नाबाद 105) ने शतकीय पारी खेली। ग्लेन फिलिप्स ने अंत में 39 गेंदों में ताबड़तोड़ 61 रन बनाए। वहीं, डेवोन कॉनवे और डेरिल मिचेल 10-10 रन बनाकर चलते बने। वहीं केन विलियमसन सिर्फ एक रन बनाकर आउट हुए।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल