साउथ अफ्रीका से बड़ी खबर सामने आई है। साउथ अफ्रीका की T20 लीग यानी SA20 की टीम डरबन सुपर जायंट्स को नया कप्तान मिल गया है। डरबन सुपर जायंट्स ने SA20 2025-26 सीजन के लिए एडन मारक्रम को अपना कप्तान नियुक्त किया है। डरबन सुपर जायंट्स ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर ये जानकारी दी। फ्रेंचाइजी ने एक AI वीडियो के जरिए मारक्रम को कप्तान बनाए जाने का ऐलान किया। इस वीडियो में मारक्रम को जहाज के कप्तान के रूप में दिखाया गया, जो तूफानी समुद्र पार कर अपनी मंजिल तक पहुंचता है।
ऑक्शन में खरीदे जाने के बाद से मारक्रम के कप्तान बनने की संभावना लगाई जा रही थी। उन्होंने सनराइजर्स ईस्टर्न केप को लगातार दो बार (2023 और 2024) SA20 खिताब जिताया था। इसके अलावा वह साउथ अफ्रीका की T20I टीम के भी कप्तान हैं। यही वजह है कि डरबन सुपर जायंट्स ने मारक्रम को यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। इससे पहले केशव महाराज टीम के कप्तान थे।
गौरतलब है कि इस महीने हुई SA20 के ऑक्शन से पहले ही मारक्रम ने सनराइजर्स ईस्टर्न केप को छोड़ दिया था। ऑक्शन में कई फ्रेंचाइजियों ने उन्हें अपनी टीम में शामिल करने के लिए जमकर बोली लगाई। आखिरकार डरबन सुपर जायंट्स ने उन्हें रिकॉर्ड 14 मिलियन रैंड की कीमत पर खरीदा। यह SA20 इतिहास की सबसे बड़ी बोली थी, लेकिन उसी ऑक्शन में प्रिटोरिया कैपिटल्स ने डेवॉल्ड ब्रेविस को 16.5 मिलियन रैंड में खरीदकर नया रिकॉर्ड बना दिया।
डरबन सुपर जायंट्स ने अब तक SA20 का खिताब नहीं जीता है। 2024 में टीम फाइनल तक जरूर पहुची थी, लेकिन खिताबी मुकाबले में मारक्रम की पुरानी टीम सनराइजर्स ईस्टर्न केप से हार गई थी। इस बार फ्रेंचाइजी ने टीम को मजबूत बनाने के लिए बड़े बदलाव किए हैं। मारक्रम के अलावा उन्होंने तेज गेंदबाज जेराल्ड कोएट्जी को 7.4 मिलियन रैंड और युवा पेसर क्वेना मफाका को 2.3 मिलियन रैंड में खरीदा। बांग्लादेश के स्पिनर तैजुल इस्लाम भी टीम से जुड़े हैं और SA20 में शामिल होने वाले अपने देश के पहले खिलाड़ी बने।
एथन बॉश, एंडिले सिमेलाने और मार्कस एकरमैन जैसे स्थानीय खिलाड़ी भी टीम में शामिल हैं। हेड कोच लांस क्लूजनर के मार्गदर्शन में टीम इस सीजन में नई शुरुआत करने की उम्मीद कर रही है। एडन मारक्रम नेतृत्व अनुभव और नई संतुलित टीम के साथ फैंस को भरोसा है कि डरबन सुपर जायंट्स आखिरकार SA20 2025-26 का खिताब अपने नाम कर पाएंगे।
यह भी पढ़ें
Asia Cup 2025 Points Table: जीत के बाद भी इस नंबर पर है पाकिस्तान, भारत का जलवा जारी
संपादक की पसंद