1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs PAK मैच में कौन होगा मैच रेफरी? मैच ऑफिशियल्स को लेकर सामने आया बड़ा अपडेट

IND vs PAK मैच में कौन होगा मैच रेफरी? मैच ऑफिशियल्स को लेकर सामने आया बड़ा अपडेट

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Sep 20, 2025 04:41 pm IST,  Updated : Sep 20, 2025 04:43 pm IST

एशिया कप 2025 में सुपर-4 स्टेज में टीम इंडिया का सामना 21 सितंबर को पाकिस्तान से होगा। इस मुकाबले के दौरान एंडी पाइक्रॉफ्ट ही मैच रेफरी की भूमिका निभाते हुए नजर आएंगे।

एंडी पाइक्रॉफ्ट- India TV Hindi
एंडी पाइक्रॉफ्ट Image Source : AP

एशिया कप 2025 में ग्रुप ए से भारत और पाकिस्तान की टीमें सुपर-4 में पहुंचने में कामयाब रही। अब सुपर-4 में 21 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच टक्कर होगी। इससे पहले दोनों टीमें ग्रुप स्टेज में आमने-सामने हुई थी, जहां भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से मात दी थी। उस मैच में टॉस के वक्त और मैच खत्म होने के बाद भारतीय प्‍लेयर्स ने पाकिस्‍तान के खिलाड़ियों से हाथ तक नहीं मिलाया था।

IND vs PAK: मैच के बाद हैंडशेक को लेकर हुआ था काफी विवाद

IND vs PAK ग्रुप स्टेज मैच खत्म होने के बाद हैंडशेक को लेकर काफी विवाद भी हुआ था। पाकिस्‍तान क्रिकेट बोर्ड ने मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट को एशिया कप से हटाने तक की मांग की थी। हालांकि, आईसीसी ने पीसीबी की इस मांग को खारिज कर दिया था। ऐसे में अब सबके मन में एक सवाल ये है कि जब भारत और पाकिस्तान की टीमें सुपर-4 में आमने-सामने होंगी, उस मैच में रेफरी कौन होगा। तो इसका जवाब भी अब मिल चुका है।

IND vs PAK मैच में एंडी पाइक्रॉफ्ट ही होंगे मैच रेफरी

PTI की एक रिपोर्ट की माने तो ICC ने रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले एशिया कप सुपर 4 के मैच की जिम्मेदारी एक बार फिर अपने एलीट पैनल के मैच रैफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट को सौंपी है। टूर्नामेंट के एक सूत्र ने पीटीआई के हवाले से बताया कि एंडी पाइक्रॉफ्ट भारत और पाकिस्तान के मुकाबले के लिए मैच रैफरी हैं। रविवार के मैच के लिए मैच अधिकारियों की सूची अब भी सार्वजनिक नहीं की गई है। टूर्नामेंट में दूसरे मैच रैफरी वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान रिची रिचर्डसन हैं। भारतीय टीम ने पिछले रविवार को नीतिगत फैसले के अंतर्गत पाकिस्तानी टीम से हाथ नहीं मिलाया था और इस मुकाबले में पाइक्रॉफ्ट मैच रैफरी थे।

पाकिस्तान ने दी थी एशिया कप से हटने की धमकी

PCB ने भारत बनाम पाकिस्तान मैच के बाद यहां तक कह दिया था कि अगर पाइक्रॉफ्ट को नहीं हटाया गया तो टीम बीच टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लेगी। यूएई और पाकिस्तान के बीच खेले गए मैच के दिन भी PCB के अधिकारियों ने ICC और मैच रेफरी से बातचीत की। जिस कारण रात 8 बजे शुरू होने वाला मैच एक घंटे देरी से शुरू हो सका। पाकिस्तान ने आसानी से मैच जीतकर सुपर-4 में अपनी जगह पक्की की। उस मुकाबले में भी मैच रेफरी पाइक्रॉफ्ट ही रहे थे। अब दोनों टीमें एक बार फिर एशिया कप के सुपर चार स्टेज के मैच में आमने-सामने होंगी, तो यह देखना दिलचस्प रहेगा कि भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों का रवैया कैसा रहता है।

(INPUT: PTI)

यह भी पढ़ें:

कब और कितने बजे शुरू होगा सुपर-4 का ये महामुकाबला, कहां देख पाएंगे Live Streaming

पाकिस्तान के खिलाफ सुपर-4 में ऐसी हो सकती है भारत की Playing 11, कप्तान सूर्या देंगे इन प्लेयर्स को जगह?

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल