1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 21 साल के पाकिस्तानी गेंदबाज ने डेब्यू पर तोड़ा 42 साल पुराना ऐतिहासिक रिकॉर्ड, ऐसा करने वाले बने पहले बॉलर

21 साल के पाकिस्तानी गेंदबाज ने डेब्यू पर तोड़ा 42 साल पुराना ऐतिहासिक रिकॉर्ड, ऐसा करने वाले बने पहले बॉलर

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : May 31, 2026 10:34 am IST,  Updated : May 31, 2026 10:37 am IST

पाकिस्तान क्रिकेट टीम के युवा स्पिनर अराफात मिन्हास ने अपने पहले ही ODI मैच में इतिहास रच दिया। अराफात ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले ODI में 5 विकेट लेने का बड़ा कारनामा किया।

Arafat Minhas- India TV Hindi
अराफात मिन्हास Image Source : AP

पाकिस्तान क्रिकेट में 30 मई को नया कीर्तिमान देखने को मिला। महज 21 साल की उम्र में युवा स्पिनर अराफात मिन्हास ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जो उनसे पहले कोई भी पाकिस्तानी गेंदबाज नहीं कर पाया था। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने ODI डेब्यू मैच में मिन्हास ने पांच विकेट लेकर इतिहास रच दिया और 42 साल पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

रावलपिंडी में 30 मई को खेले गए तीन मैचों की ODI सीरीज के पहले मुकाबले में अराफात मिन्हास ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। बाएं हाथ के इस युवा स्पिनर ने अपने 10 ओवर के स्पेल में 32 रन देकर 5 विकेट झटके और ODI डेब्यू पर पांच विकेट लेने वाले पाकिस्तान के पहले खिलाड़ी बन गए।

पहले ही मैच में चटकाए 5 विकेट

मिन्हास ने अपने पहले शिकार के रूप में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान जोश इंगलिस को 14वें ओवर की तीसरी गेंद पर LBW आउट किया। इसके बाद दो गेंद बाद ही उन्होंने मार्नस लाबुशेन को भी बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया। युवा स्पिनर यहीं नहीं रुके। 16वें ओवर में उन्होंने कैमरून ग्रीन को भी शून्य पर आउट कर ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका दिया। इसके बाद 27वें ओवर में उन्होंने सेट बल्लेबाज मैथ्यू शॉर्ट को स्टंप आउट कराया। शॉर्ट ने 76 गेंदों पर 55 रन बनाए थे। अपनी पारी के आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर मिन्हास ने नाथन एलिस का विकेट लेकर पांच विकेट पूरे किए और इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया।

टूटा 42 साल पुराना रिकॉर्ड

ODI डेब्यू में पाकिस्तान की ओर से सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन का रिकॉर्ड इससे पहले जाकिर खान के नाम था, जिन्होंने 1984 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 4 विकेट लेकर यह उपलब्धि हासिल की थी। वहीं महान लेग स्पिनर अब्दुल कादिर ने 1983 में अपने डेब्यू ODI में 4 विकेट लिए थे। मिन्हास से पहले पांच पाकिस्तानी गेंदबाज अपने ODI डेब्यू पर चार-चार विकेट लेने में सफल रहे थे, लेकिन कोई भी पांच विकेट का आंकड़ा नहीं छू पाया था। अब 5/32 के आंकड़े के साथ अराफात मिनहास इस सूची में शीर्ष पर पहुंच गए हैं।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी बनाया रिकॉर्ड

अराफात मिन्हास ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ODI डेब्यू पर पांच विकेट लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज भी बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज हेंडी ब्रायन के नाम था, जिन्होंने 1999 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डेब्यू मैच में 4/24 का प्रदर्शन किया था। ODI डेब्यू में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन का वर्ल्ड रिकॉर्ड स्कॉटलैंड के तेज गेंदबाज चार्ली कैसल के नाम है, जिन्होंने 2024 में ओमान के खिलाफ 7 विकेट लेकर इतिहास रचा था।

यह भी पढ़ें:

सचिन तेंदुलकर भी हुए वैभव सूर्यवंशी के मुरीद, टेस्ट में देखना चाहते हैं 15 साल के खिलाड़ी का जलवा

RCB vs GT फाइनल मैच में हुई बारिश तो कौन बनेगा चैंपियन? जानें क्या कहते हैं IPL के नियम

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल