भारत और इंग्लैंड के बीच खेली गई 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का अंत 2-2 की बराबरी के साथ हुआ। टीम इंडिया ने लंदन के केनिंग्टन ओवल मैदान पर खेले गए इस सीरीज के आखिरी मुकाबले को सिर्फ 6 रनों से जीतने के साथ सीरीज को बराबरी पर खत्म करने में कामयाबी हासिल की। वहीं इस टेस्ट सीरीज के दौरान दोनों टीमों की तरफ से काफी बयानबाजी का दौर भी देखने को मिला। इसमें एक मुद्दा जो सबसे ज्यादा चर्चा में रहा वह यह कि मैच के दौरान प्लेइंग 11 में शामिल कोई प्लेयर यदि चोटिल हो जाता है तो उसकी जगह पर किसी दूसरे प्लेयर को शामिल करने की मंजूरी मिलनी चाहिए। इस पर इंग्लैंड टीम के कप्तान बेन स्टोक्स का काफी अजीबोगरीब बयान था, जिसके बाद अब टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी रविचंद्रन अश्विन ने उन्हें करारा जवाब दिया है।
स्टोक्स को बोलने से पहले सोचना चाहिए था
मैनचेस्टर में खेले गए इस टेस्ट सीरीज के चौथे मुकाबले के दौरान भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत बैटिंग करते समय अपने दाहिने पैर को चोटिल कर बैठे थे। स्कैन कराने के बाद जब पता चला कि उनके पैर में फ्रैक्चर है तो उसके बावजूद वह उस टेस्ट मैच में पहली पारी के दौरान रिटायर्ड हर्ट होने के बावजूद बाद में बल्लेबाजी करने उतरे थे। इसी को लेकर मैनचेस्टर टेस्ट मैच के दौरान टीम इंडिया के हेड कोच ने इंजर्ड प्लेयर की जगह पर किसी अन्य प्लेयर को शामिल करने की बात कही थी। इसी को लेकर जब बेन स्टोक्स से सवाल पूछा गया था तो उन्होंने इसे मजाक बताकर टाल दिया था। अश्विन ने अब स्टोक्स के इसी बयान को लेकर अपने यूट्यूब चैनल पर कहा है कि तमिल में एक कहावत है जिसका अनुवाद सीधा है कि आपको आपके कर्म का फल तुरंत मिलता है।
आप जो बोते हैं वही काटते हैं
अश्विन ने कहा कि जब स्टोक्स से चोटिल प्लेयर की जगह पर मैच के दौरान किसी अन्य खिलाड़ी को प्लेइंग 11 में शामिल करने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने इसे काफी हल्के में लिया। मैं स्टोक्स के खेल का काफी बड़ा प्रशंसक हूं लेकिन उन्हें इस सवाल का जवाब थोड़ा सोच-समझकर देना चाहिए था। क्योंकि आप जो बोते हैं वहीं काटते हैं। आप अपने विचार रखने के लिए स्वतंत्र हैं लेकिन आप इस तरह के विचारों को मजाक या बेतुका कहकर नहीं टाल सकते हैं।
(PTI INPUTS)
ये भी पढ़ें
मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा का आईसीसी रैंकिंग में जलवा, इतनी लंबी मार दी छलांग