1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. Asia Cup 2022 Final : पाकिस्तान और श्रीलंका ने कब जीता है एशिया कप, इस बार फिर मौका

Asia Cup 2022 Final : पाकिस्तान और श्रीलंका ने कब जीता है एशिया कप, इस बार फिर मौका

 Published : Sep 08, 2022 12:38 pm IST,  Updated : Sep 08, 2022 12:38 pm IST

Asia Cup 2022 Final : पाकिस्तान और श्रीलंका की टीम एशिया कप 2022 के फाइनल में पहुंच चुकी हैं, यानी फिर से इन्हीं में से कोई एक टीम चैंपियन बनेगी।

Asia Cup 2022 Final PAK vs SL - India TV Hindi
Asia Cup 2022 Final PAK vs SL Image Source : INDIA TV

Highlights

  • पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा एशिया कप 2022 का फाइनल
  • पाकिस्तान ने साल 2012 में जीता था आखिरी बार एशिया कप का खिताब
  • साल 2014 में पाकिस्तान को हराकर श्रीलंका ने जीती एशिया कप की ट्रॉफी

Asia Cup 2022 Final :  एशिया कप 2022 की दो फाइनलिस्ट तय हो गई हैं। पाकिस्तान और श्रीलंका ने फाइनल में अपनी अपनी जगह पक्की कर ली है। हालांकि मजे की बात ये है कि पाकिस्तान और श्रीलंका, इन दोनों टीमों की शुरुआत इस साल के एशिया कप में कुछ खास नहीं रही थी। श्रीलंका ने इस साल का पहला ही मैच अफगानिस्तान से खेला था, लेकिन उसमें अफगानिस्तान ने श्रीलंका को आठ विकेट से रौंद दिया था, इसके बाद  श्रीलंका की काफी आलोचना भी हुई थी। इसके अगले दिन जब भारत और पाकिस्तान के बीच 28 अगस्त को मुकाबला खेला गया तो टीम इंडिया ने पाकिस्तान को पांच विकेट से पीट दिया था। उस वक्त तक किसी को भी अंदेशा नहीं था कि ये दो टीमें जो अपने अपने पहले मैच हार चुकी हैं, वे फाइनल तक का सफर तय कर पाएंगी, लेकिन ऐसा हो गया है। 

Asia Cup Winners List
Image Source : INDIA TVAsia Cup Winners List

11 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम पर खेला जाएगा एशिया कप का फाइनल 

अब पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच 11 सितंबर को एशिया कप 2022 का फाइनल खेला जाएगा और इन्हीं में से कोई एक टीम चैंपियन बनेगी। लेकिन अब सवाल ये है कि पाकिस्तान और श्रीलंका ने आखिरी बार एशिया कप की ट्रॉफी पर कब कब्जा किया था और दोनों टीमें अब तक कितनी बार एशिया कप जीत चुकी हैं। एशिया कप की शुरुआत साल 1984 से हुई थी, जब भारत, पाकिस्तान और श्रीलंका ने इसमें हिस्सा लिया था। उस साल टीम इंडिया एशिया कप की चैंपियन बनी थी। इसके बाद दूसरा एशिया कप साल 1986 में हुआ, इसमें श्रीलंका की टीम चैंपियन बनी थी। यानी दूसरा एशिया कप श्रीलंका ने अपने नाम किया। इसके बाद लगातार तीन बार फिर भारतीय टीम एशिया कप जीतने में कामयाब रही। साल 1997 में फिर से श्रीलंका की टीम चैंपियन बनी और दूसरी बार एशिया कप अपने नाम किया। 2000 वो साल था, जब पाकिस्तानी टीम ने पहली बार एशिया कप की ट्रॉफी पर कब्जा किया था। साल 2004 और साल 2008 में श्रीलंकाई टीम ने सभी को पीछे छोड़ते हुए फिर से एशिया कप की ट्रॉफी पर कब्जा किया। साल 2010 में भारत और इसके बाद साल 2012 में पाकिस्तान एशिया कप का चैंपियन बना। साल 2014 में श्रीलंका फिर से एशिया की सबसे बेहतरीन टीम बनी और खिताब जीता। इसके बाद पिछले दो साल से यानी साल 2016 और 2018 में टीम इंडिया ने एशिया कप की ट्रॉफी अपने नाम की। 

Srilanka Cricket Team
Image Source : APSrilanka Cricket Team

टीम इंडिया सबसे ज्यादा बार बन चुकी है एशिया कप की विजेता
भारतीय टीम अब तक सात बार एशिया कप जीतने वाली टीम है, जो सबसे ज्यादा है। इसके बाद दूसरे नंबर पर श्रीलंकाई टीम है, जिसने अब तक पांच बार एशिया कप जीता है। वहीं पाकिस्तानी टीम अभी दो ही बार एशिया कप जीतने में सफल हो सकी है। इन तीन टीमों के अलावा कोई भी चौथी एशियाई टीम इस खिताब पर कब्जा नहीं कर पाई है। इस बार भी ऐसा ही होगा, फाइनल में पाकिस्तान और श्रीलंका हैं, इन्हीं में से कोई टीम चैंपियन बनेगी। भारत बाहर हो ही गया और बांग्लादेश भी पहले से ही बाहर हो गई थी। उम्मीद की जानी चाहिए कि दो सर्वश्रेष्ठ टीमों के बीच फाइनल होगा और जो टीम उस दिन बेहतरीन खेल दिखाएगी, वो ही इस बार की चैंपियन बनेगी। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल