मुंबई इंडियंस की टीम आईपीएल 2026 में अपना अगला मैच 16 अप्रैल को पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलेगी। इस मैच से पहले मुंबई की टीम को एक बड़ा झटका लगा है। टीम के युवा स्पिन ऑलराउंडर अथर्व अंकोलेकर चोट की वजह से आईपीएल के जारी सीजन से बाहर हो गए हैं और उनकी जगह 21 साल के पंजाब के ऑलराउंडर कृष भगत को टीम में शामिल किया है। उन्हें 30 लाख रूपये के बेस प्राइस पर मुंबई इंडियंस की टीम में शामिल किया गया है।
अथर्व अंकोलेकर को लेकर आईपीएल की तरफ से जारी किया गया प्रेस रिलीज
आईपीएल की तरफ से जारी प्रेस रिलीज में कहा गया है कि मुंबई इंडियंस ने अथर्व अंकोलेकर की जगह कृष भगत को टीम में शामिल किया है, जो चोट के कारण आईपीएल 2026 से बाहर हो गए हैं। 21 साल के भगत ने पंजाब के लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 7 और लिस्ट ए क्रिकेट में 9 मैच खेले हैं। वह दाएं हाथ के मध्यम गति के तेज गेंदबाज हैं। उन्होंने लिस्ट ए क्रिकेट में अर्धशतक भी लगाया है। वह गेंद और बल्ले दोनों से अपनी भूमिका निभा सकते हैं।
अंडर-19 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का हिस्सा थे अथर्व
कृष भगत को लेकर बात करें तो वह टीम में संतुलन लाते हैं। वह गेंदबाजी के अलावा निचले क्रम के बल्लेबाजी भी कर सकते हैं। वह पिछले दो साल से मुंबई इंडियंस के ट्रायल्स का हिस्सा थे। उन्होंने 2026 में डीवाई पाटिल टी20 कप में रिलायंस टीम के लिए खेला था और सीजन शुरू होने पहले से वह टीम के साथ सहायक गेंदबाज रहे हैं। अंकोलेकर 2020 में भारत की अंडर-19 वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा थे। अथर्व ने बांग्लादेश के खिलाफ अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड अपने नाम किया था।
लगातार 3 मैच हार चुकी है मुंबई इंडियंस की टीम
आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के प्रदर्शन को लेकर बात करें तो सीजन की शुरुआत कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ जीत के साथ की थी। इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स, राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ तीन मैचों में मुंबई को लगातार हार का सामना करना पड़ा था। मुंबई की टीम पॉइंट्स टेबल में नौवें स्थान पर है। अब पंजाब के खिलाफ मैच में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन कैसा रहता है ये देखना दिलचस्प होगा।
यह भी पढ़ें
IPL Orange Cap: विराट कोहली ने किया ऑरेंज कैप पर कब्जा, पीछे रहे गए दुनियाभर के बल्लेबाज
CSK ने RCB के खिलाफ की BCCI से शिकायत, 'डोसा-सांभर-चटनी' गाने को लेकर मचा बवाल