एशेज 2025 टेस्ट सीरीज का आगाज 21 नवंबर से होगा जिसमें ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच पहला मुकाबला पर्थ स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच को लेकर इंग्लैंड ने जहां 2 दिन पहले ही अपने प्लेइंग-12 का ऐलान कर दिया था, तो वहीं अब मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने पर्थ टेस्ट के 24 घंटे पहले अपने प्लेइंग-11 की घोषणा कर दी है, जिसमें 2 प्लेयर्स को डेब्यू करने का भी मौका मिला है। इंग्लैंड के खिलाफ पर्थ टेस्ट में ऑस्ट्रेलियाई टीम की कप्तानी जहां स्टीव स्मिथ संभालेंगे तो वहीं जोश हेजलवुड के भी बाहर होने के बाद ब्रेंडन डोगेट को शामिल किया गया है।
जेक वेदराल्ड को मिला टेस्ट में डेब्यू का मौका
ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के खिलाफ पर्थ टेस्ट मैच के लिए घोषित की अपनी प्लेइंग 11 में जेक वेदराल्ड को डेब्यू करने का मौका दिया है। घरेलू क्रिकेट में पिछले कुछ सालों से शानदार प्रदर्शन करने वाले वेदराल्ड अपने इस मौके का इंतजार काफी बेसब्री से कर रहे थे, जिसके बाद अब उन्हें शामिल किया गया है। इसके अलावा तेज गेंदबाजी अटैक में मिचेल स्टार्क और स्कॉट बोलैंड का साथ देने के लिए ब्रेंडन डोगेट को शामिल किया गया है जो भी टेस्ट क्रिकेट में अपना पहला मुकाबला खेलने मैदान पर उतरेंगे। वहीं पिछले काफी समय से अनफिट होने के चलते ऑस्ट्रेलियाई टीम से बाहर चल रहे कैमरून ग्रीन अब पूरी तरह से फिट होकर प्लेइंग 11 में वापसी कर रहे हैं। इसके अलावा मार्नश लाबुशेन की भी वापसी हुई है, जो नंबर-3 की पोजीशन पर खेलते हुए दिखाई देंगे।
इंग्लैंड के खिलाफ पहले एशेज टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग 11
उस्मान ख्वाजा, जेक वेदराल्ड, मार्नश लाबुशेन, स्टीव स्मिथ (कप्तान), ट्रैविस हेड, कैमरून ग्रीन, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), मिचेल स्टार्क, नाथन लियोन, स्कॉट बोलैंड, ब्रेंडन डॉगेट।
चार तेज गेंदबाजों के साथ उतर सकता है इंग्लैंड
पर्थ टेस्ट के लिए इंग्लैंड ने 2 दिन पहले ही अपने प्लेइंग-12 का ऐलान कर दिया था, जिसमें मार्क वुड को भी शामिल किया गया है। ऐसे में पर्थ की पिच को ध्यान में रखते हुए इस बात की उम्मीद लगाई जा रही है कि इंग्लैंड की टीम चार प्रमुख तेज गेंदबाजों के साथ इस मुकाबले में उतर सकती है, जिसमें मार्क वुड के अलावा जोफ्रा आर्चर, गस एटिंकसन और ब्रायडन कार्से का नाम शामिल है, इसके अलावा कप्तान बेन स्टोक्स 5वें तेज गेंदबाज की जिम्मेदारी को निभा सकते हैं।
ये भी पढ़ें
एशेज में स्पेशल फिफ्टी लगा सकते हैं बेन स्टोक्स, सिर्फ इतने सिक्स की है जरूरत
स्टीव स्मिथ हासिल कर सकते हैं बड़ा मुकाम, डॉन ब्रैडमैन के बाद ऐसा करने वाले बनेंगे दूसरे खिलाड़ी