ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज टेस्ट सीरीज की शुरुआत 21 नवंबर से हो रही है। सीरीज का पहला मैच पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच एशेज सीरीज के दौरान पांच टेस्ट मैच खेले जाएंगे। इस बीच इन पांच टेस्ट के दौरान इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स के पास एक खास कीर्तिमान अपने नाम करने का मौका होगा। यह एक ऐसा रिकॉर्ड है जो इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया का कोई भी खिलाड़ी अभी तक हासिल नहीं कर पाया है।
एशेज में 50 सिक्स लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन सकते हैं बेन स्टोक्स
एशेज के इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के मौजूदा कप्तान बेन स्टोक्स के नाम है। बेन स्टोक्स ने 2013 से 2023 के बीच 24 टेस्ट मैचों 1562 रन बनाए हैं। इस दौरान वह 39 छक्के भी लगाने में कामयाब रहे हैं। इतने छक्के एशेज के इतिहास में इंग्लैंड या ऑस्ट्रेलिया किसी भी देश के बल्लेबाज ने नहीं लगाए हैं। अगर 5 टेस्ट मैचों की अगली सीरीज में स्टोक्स 11 छक्के और लगा पाते हैं, तो वह एशेज के इतिहास में 50 छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन जाएंगे। एशेज में स्टोक्स के बाद सबसे ज्यादा सिक्स लगाने का रिकॉर्ड केविन पीटरसन के नाम है। इंग्लैंड के इस पूर्व खिलाड़ी ने 27 मैचों में 24 छक्के लगाए थे। वहीं 21 सिक्स के साथ स्टीव स्मिथ लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं।
एशेज में कैसा रहा है बेन स्टोक्स का प्रदर्शन
एशेज टेस्ट सीरीज में बेन स्टोक्स के प्रदर्शन की बात करें तो वहां उन्होंने अब तक 24 मैचों की 45 पारियों में 36.32 के औसत से 1562 रन बनाए हैं। इस दौरान वह 4 शतक और 8 अर्धशतक लगाने में कामयाब रहे हैं। उनका हाईएस्ट स्कोर 155 रन का रहा है। इस दौरान वह 174 चौके भी लगा चुके है। अब आगामी एशेज टेस्ट सीरीज में बेन स्टोक्स कैसा प्रदर्शन करते हैं ये देखना दिलचस्प होगा।
2015 में आखिरी बार इंग्लैंड ने जीता था एशेज
आपको बता दें कि इससे पहले इंग्लैंड टीम 2021-22 में आखिरी बार ऑस्ट्रेलिया दौरे पर थी। 5 टेस्ट मैचों की सीरीज को ऑस्ट्रेलिया ने 4-0 से अपने नाम किया था। आखिरी एशेज सीरीज 2023 में इंग्लैंड में खेली गई थी। पांच मैचों की ये सीरीज 2-2 की बराबरी पर खत्म हुआ था। इंग्लैंड ने आखिरी बार एशेज सीरीज 2015 में जीती थी। इंग्लैंड ने उस एशेज में अपने घर में ऑस्ट्रेलिया को 3-2 से हराया था। 10 साल बाद इंग्लैंड ऑस्ट्रेलिया को हराकर फिर से एशेज का खिताब अपने नाम करना चाहेगी। इंग्लैंड ने आखिरी बार ऑस्ट्रेलिया को ऑस्ट्रेलिया में 2010-11 की एशेज सीरीज में हराया था।
यह भी पढ़ें
क्रिकेट वर्ल्ड कप के शेड्यूल का ऐलान, भारत बनाम पाकिस्तान मैच को लेकर आईसीसी ने लिया ये फैसला
IND vs SA: टीम इंडिया के खेमे में टेंशन, दो स्टार खिलाड़ी हो सकते हैं वनडे सीरीज से बाहर