1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. स्टीव स्मिथ को नहीं खिलाने पर मचा बवाल, अब वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने दी सफाई

स्टीव स्मिथ को नहीं खिलाने पर मचा बवाल, अब वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने दी सफाई

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Feb 19, 2026 11:20 am IST,  Updated : Feb 19, 2026 12:23 pm IST

T20 वर्ल्ड कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया का सफर ग्रुप स्टेज में ही समाप्त हो गया। ऑस्ट्रेलिया को जिम्बाब्वे और श्रीलंका के करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा।

Australia - India TV Hindi
ऑस्ट्रेलियन क्रिकेट टीम Image Source : AFP

ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 में पहले ही दौर में बाहर होने के बाद ऑस्ट्रेलियाई खेमे में जबरदस्त बवाल मचा हुआ है। 2009 के बाद पहली बार कंगारू टीम ग्रुप स्टेज पार नहीं कर पाई। ICC T20I रैंकिंग में 11वें नंबर की टीम जिम्बाबावे से हार और फिर श्रीलंका के खिलाफ करारी शिकस्त झेलने के साथ ही ऑस्ट्रेलिया का T20 वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज में ही बोरिया बिस्तर बंध गया। इस शर्मनाक अभियान ने अब टीम मैनेजमेंट को सवालों के घेरे में ला खड़ा किया है। इस बीच सबसे ज्यादा चर्चा स्टीव स्मिथ की भूमिका को लेकर हो रही है। टीम में देर से शामिल किए गए स्मिथ को एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला, जिससे फैंस और पूर्व क्रिकेटरों ने सिलेक्शन प्रक्रिया पर सवाल उठाए। अब इस मामले में ऑस्ट्रेलिया की ओर से सफाई आई है।

ऑस्ट्रेलियन सिलेक्टर ने दी सफाई

दरअसल, ऑस्ट्रेलिया के सिलेक्टर टोनी डोडेमाइड ने सफाई देते हुए कहा कि स्मिथ को शुरुआत से ही केवल कवर के तौर पर टीम में रखा गया था। वह मुख्य रूप से ओपनिंग स्लॉट के बैकअप के लिए थे। दरअसल, कप्तान मिचेल मार्श ग्रोइन इंजरी के कारण शुरुआती दो मैच नहीं खेल सके थे, जिसके बाद स्मिथ को कवर के रूप में बुलाया गया। बाद में तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड के चोटिल होने पर उन्हें आधिकारिक तौर पर रिप्लेसमेंट के रूप में जोड़ा गया।

डोडेमाइड ने कहा कि तीसरे मैच में मार्श और ट्रैविस हेड की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन किया, इसलिए टीम कॉम्बिनेशन में बदलाव की जरूरत नहीं पड़ी। हालांकि आलोचकों का मानना है कि स्मिथ जैसे अनुभवी बल्लेबाज को बाहर रखना बड़ी भूल थी।

दिग्गज क्रिकेटरों ने उठाए सिलेक्शन पर सवाल

पूर्व दिग्गज मार्क वॉ ने इसे अपमान करार दिया। वहीं मैथ्यू हेडन और ग्लेन मैक्ग्रा ने भी चयन नीति और ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन को तरजीह देने पर सवाल उठाए। दिलचस्प बात यह है कि स्मिथ ने हाल ही में बिग बैश लीग 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 299 रन बनाए थे, जिसमें एक शतक भी शामिल था। इसके बावजूद उन्हें सीमित भूमिका में रखना फैंस को समझ नहीं आया। अब ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट बोर्ड ने साफ किया है कि टूर्नामेंट खत्म होने के बाद पूरे अभियान की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। फिलहाल टीम के सामने ओमान के खिलाफ आखिरी मुकाबला मजबूती से खत्म करने की चुनौती है, लेकिन वर्ल्ड कप से बाहर होने की टीस ऑस्ट्रेलिया को लंबे समय तक परेशान कर सकती है।

यह भी पढ़ें:

T20 World Cup: विराट कोहली का वर्ल्ड रिकॉर्ड खतरे में! पाकिस्तानी ओपनर इतिहास रचने से सिर्फ 100 रन दूर

टीम इंडिया ने ये क्या रिकॉर्ड बना दिया? 17 साल पुराना कीर्तिमान टूटा, एक ही WC में उतारे इतने गेंदबाज

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल