1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारत दौरे के लिए ऑस्ट्रेलिया ने किया अंडर-19 टीम का ऐलान, राजकोट और अहमदाबाद में खेले जाएंगे मुकाबले

भारत दौरे के लिए ऑस्ट्रेलिया ने किया अंडर-19 टीम का ऐलान, राजकोट और अहमदाबाद में खेले जाएंगे मुकाबले

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Aug 03, 2026 07:09 am IST,  Updated : Aug 03, 2026 07:09 am IST

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने भारत दौरे के लिए 16 सदस्यीय अंडर-19 टीम की घोषणा कर दी है। यह टीम 13 सितंबर से 9 अक्टूबर तक राजकोट और अहमदाबाद में भारत अंडर-19 के खिलाफ तीन वनडे और दो चार दिवसीय मैच खेलेगी।

AUS U19- India TV Hindi
ऑस्ट्रेलिया U19 टीम Image Source : @CRICKETNSW

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अगले महीने युवा क्रिकेट का रोमांच देखने को मिलेगा। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने भारत दौरे के लिए अपनी अंडर-19 मेन्स टीम की घोषणा कर दी है। 16 खिलाड़ियों की यह टीम सितंबर से अक्टूबर तक भारत में एक महीने लंबा दौरा करेगी, जहां उसे भारतीय अंडर-19 टीम के खिलाफ वनडे और चार दिवसीय मुकाबले खेलने हैं। इस दौरे को ऑस्ट्रेलिया के उभरते सितारों के लिए भविष्य की बड़ी तैयारी के रूप में देखा जा रहा है।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की यूथ नेशनल सिलेक्शन पैनल ने इस टीम का चयन किया है। इसमें देश के 6 राज्यों के खिलाड़ियों को जगह मिली है। सबसे अधिक 6 खिलाड़ी क्वींसलैंड से चुने गए हैं, जबकि न्यू साउथ वेल्स के चार, विक्टोरिया के तीन, साउथ ऑस्ट्रेलिया के दो, पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के दो और तस्मानिया का एक खिलाड़ी टीम में शामिल है। भारत दौरे के दौरान ऑस्ट्रेलियाई टीम 13 सितंबर से 9 अक्टूबर के बीच राजकोट और अहमदाबाद में भारतीय अंडर-19 टीम के खिलाफ तीन वनडे और दो चार दिवसीय मैच खेलेगी। उपमहाद्वीप की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में खेलने का यह अनुभव युवा खिलाड़ियों के तकनीकी कौशल और मानसिक मजबूती की बड़ी परीक्षा माना जा रहा है।

टिम नीलसन को मिली कोचिंग की जिम्मेदारी

टीम की कोचिंग की कमान पूर्व ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर टिम नीलसन को सौंपी गई है। नीलसन लंबे समय से क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के यूथ डेवलेपमेंट कार्यक्रम का हिस्सा हैं और फिलहाल डार्विन में बांग्लादेश के खिलाफ खेल रही क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इलेवन की भी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की नेशनल डेवलेपमेंट हेड सोन्या थॉम्पसन ने कहा कि यह दौरा खिलाड़ियों के करियर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उनके मुताबिक, भारत जैसी कठिन परिस्थितियों में मजबूत विपक्ष के खिलाफ खेलने से खिलाड़ियों को हर प्रारूप में खुद को परखने और अपने खेल को बेहतर बनाने का बेहतरीन अवसर मिलेगा। उन्होंने टिम नीलसन की नियुक्ति का भी स्वागत करते हुए कहा कि उनके अनुभव का युवा खिलाड़ियों को काफी फायदा मिलेगा।

पैट्रिक सुलिवन भी टीम में शामिल

विक्टोरिया से जैक चोजनेक, जैकब पीट्ज और पैट्रिक सुलिवन को टीम में जगह मिली है। न्यू साउथ वेल्स से विल बायरम, ब्लेक कैटल, नील पटेल और कैसी बार्टन शामिल हैं। इसके अलावा साउथ ऑस्ट्रेलिया से हेडन बारबुलोविक और कॉनर ग्रेगरी, पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया से जेड होलिक और मैथ्यू लॉफ, जबकि क्वींसलैंड से एली ब्रेन, स्पेंसर ग्रीन, चार्ली हेंडरसन, थियो त्सिंगोस और थॉमस वासियो टीम का हिस्सा हैं।

भारत दौरे के लिए ऑस्ट्रेलियाई अंडर-19 टीम: कैसी बार्टन, हेडन बारबुलोविक, एली ब्रेन, विल बायरम, ब्लेक कैटल, जैक चोजनेक, स्पेंसर ग्रीन, कॉनर ग्रेगरी, चार्ली हेंडरसन, जेड होलिक, मैथ्यू लॉफ, नील पटेल, जैकब पीट्ज, पैट्रिक सुलिवन, थियो त्सिंगोस और थॉमस वासियो।

यह भी पढ़ें:

श्रीलंका टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम में बड़ा बदलाव, सुभदीप घोष बने नए फील्डिंग कोच

भारत ने पाकिस्तान को 2 विकेट से रौंदा, ऋषि धवन का शानदार प्रदर्शन, आखिरी ओवर में मिली रोमांचक जीत

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल