1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. कप्तान एलिसा हीली ने विदाई को बनाया यादगार, 29 बाउंड्री जड़ते हुए आखिरी ODI में ठोका धमाकेदार शतक

कप्तान एलिसा हीली ने विदाई को बनाया यादगार, 29 बाउंड्री जड़ते हुए आखिरी ODI में ठोका धमाकेदार शतक

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Mar 01, 2026 12:11 pm IST,  Updated : Mar 01, 2026 12:11 pm IST

भारतीय महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की कप्तान एलिसा हीली ने शानदार शतक जड़ते हुए कमाल कर दिया। एलिसा हीली ने अपने आखिरी ODI सैकड़ा जड़ने का बड़ा कारनामा किया।

Alyssa Healy- India TV Hindi
एलिसा हीली Image Source : AP

Alyssa Healy: ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट की दिग्गज खिलाड़ी एलिसा हीली ने अपने ODI करियर को यादगार अंदाज में विदाई दी है। भारत के खिलाफ होबार्ट के बेलेरिव ओवल में खेले गए तीसरे ODI में ऑस्ट्रेलिया की कप्तान ने शानदार शतक जड़कर अपने आखिरी ODI मैच को खास बना दिया। हीली ने सिर्फ 79 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जिसमें 18 चौके शामिल थे। इसके साथ ही एलिसा अपने आखिरी ODI में शतक जड़ने वाली दुनिया की दूसरी और ऑस्ट्रेलिया की पहली महिला क्रिकेटर बन गईं। इससे पहले साउथ अफ्रीका की जोहमारी लोगटेनबर्ग ने अपने आखिरी ODI में शतक जड़ने का बड़ा कारनामा किया था।

एलिसा की तेजतर्रार पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 31 ओवर में ही 200 रन के पार पहुंच गया। 35 साल की हीली के ODI करियर का यह आठवां शतक है। हीली ने भारत के खिलाफ अपना चौथा शतक जड़ा। एलिसा हीली ने 98 गेंदों पर 158 रनों की शानदार पारी खेली। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 160 से ज्यादा का रहा। उन्होंने अपनी इस शानदार पारी में 27 चौके और 2 छक्के जड़े। 

इससे पहले टीम इंडिया की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर एलिसा हीली की टीम को पहले बल्लेबाजी करने का न्यौता दिया। ऑस्ट्रेलिया की कप्तान एलिसा हीली जब पारी की शुरुआत करने मैदान पर उतरीं, तो माहौल देखने लायक था। भारतीय खिलाड़ियों ने उन्हें स्पेशल गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया। इसके बाद हीली ने भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर से गर्मजोशी से हाथ मिलाया।

जनवरी में किया था संन्यास का ऐलान

हीली ने जनवरी में ही घोषणा कर दी थी कि भारत के खिलाफ घरेलू मल्टी-फॉर्मेट सीरीज के बाद वह पेशेवर क्रिकेट को अलविदा कह देंगी। उन्होंने कहा था कि आधिकारिक तौर पर बता रही हूं कि भारतीय सीरीज के अंत में वह इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लेंगी। वह T20 सीरीज में नहीं खेल पाईं, लेकिन मार्च में पर्थ में होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच के साथ उनके इंटरनेशनल करियर का समापन होगा।

शानदार रहा इंटरनेशनल करियर

साल 2010 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाली हीली ने ODI में 3619 से ज्यादा रन बनाए हैं, जबकि टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम 489 रन दर्ज हैं। अब 6-9 मार्च के बीच पर्थ में भारत के खिलाफ होने वाला एकमात्र टेस्ट उनके करियर का अंतिम मुकाबला होगा। इस एकमात्र टेस्ट मैच में भी एलिसा हीली से बड़ी पारी की उम्मीद होगी।

यह भी पढ़ें:

बड़ी खबर, सनथ जयसूर्या छोड़ेंगे श्रीलंका टीम का साथ, कोच के पद से देंगे इस्तीफा

IND vs WI: भारत के सामने वेस्टइंडीज की कड़ी चुनौती, क्या कोलकाता में बारिश बनेगी विलेन?

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल