BAN vs AUS: क्रिकेट फैंस के लिए एक और रोमांचक सीरीज का ऐलान हो गया है। जून में ऑस्ट्रेलिया की टीम बांग्लादेश दौरे पर जाएगी, जहां दोनों टीमों के बीच लिमिटेड ओवरों की जबरदस्त भिड़ंत देखने को मिलेगी। यह दौरा कई मायनों में खास होने वाला है, क्योंकि इससे भविष्य के बड़े टूर्नामेंट्स की तैयारी भी शुरू होगी। ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच जून में 6 व्हाइट-बॉल मैचों की सीरीज खेली जाएगी, जिसमें तीन ODI और तीन T20I मुकाबले शामिल हैं। यह पूरी सीरीज 13 दिनों के भीतर समाप्त होगी, जिससे दोनों टीमों को लगातार मैच खेलने का मौका मिलेगा।
ढाका से होगा ऑस्ट्रेलिया के बांग्लादेश दौरे का आगाज
सीरीज की शुरुआत ढाका में ODI मुकाबलों के साथ होगी, जो 9, 11 और 14 जून को खेले जाएंगे। इसके बाद T20I सीरीज के लिए मुकाबले चटगांव में शिफ्ट होंगे, जहां 17, 19 और 21 जून को तीन मैच खेले जाएंगे। हालांकि, सभी मैचों के समय का आधिकारिक ऐलान अभी नहीं हुआ है। बांग्लादेश में चल रही ऊर्जा बचत योजनाओं और वेस्ट एशिया संकट के कारण ईंधन की कमी को देखते हुए यह संभावना जताई जा रही है कि मुकाबले दिन में खेले जा सकते हैं।
हाल ही में बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच शुरू हुई सीरीज में भी फ्लडलाइट्स के इस्तेमाल को कम करने के लिए मैचों का समय पहले कर दिया गया था। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के इस दौरे में भी इसी तरह का बदलाव देखने को मिल सकता है। T20 फॉर्मेट की बात करें तो यह बांग्लादेश में ऑस्ट्रेलिया की दूसरी द्विपक्षीय T20I सीरीज होगी। इससे पहले 2021 में खेले गए पांच मैचों की सीरीज में मेजबान बांग्लादेश ने 4-1 से जीत दर्ज की थी। वहीं ODI फॉर्मेट में ऑस्ट्रेलिया ने आखिरी बार 2011 में बांग्लादेश का दौरा किया था।
मिचेल मार्श संभालेंगे टीम की कमान
टीम कॉम्बिनेशन की बात करें तो T20 में ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी मिचेल मार्श कर रहे हैं, जबकि ODI में आधिकारिक कप्तान पैट कमिंस हैं। हालांकि हाल के समय में कमिंस की गैरमौजूदगी में मार्श ने ODI टीम की भी कमान संभाली है। इस दौरे से पहले ऑस्ट्रेलिया को पाकिस्तान के खिलाफ तीन ODI मैचों की सीरीज खेलनी है, जो IPL के अंतिम चरण के साथ टकरा सकती है। बांग्लादेश के खिलाफ यह सीरीज 2027 ODI वर्ल्ड कप की तैयारियों की दिशा में भी अहम कदम मानी जा रही है। इसके अलावा 2026 में ऑस्ट्रेलिया को जिम्बाब्वे, साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड के खिलाफ भी ODI सीरीज खेलनी है।
T20 फॉर्मेट में यह सीरीज ऑस्ट्रेलिया के लिए नए चक्र की शुरुआत भी होगी, जिसमें 2028 ओलंपिक्स और 2028 T20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट शामिल हैं। खास बात यह है कि 2028 T20 वर्ल्ड कप की मेजबानी ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड संयुक्त रूप से करेंगे। वहीं, बांग्लादेश की टीम अगस्त में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाएगी, जहां दो टेस्ट मैच डार्विन और मैके में खेले जाएंगे। इस तरह दोनों टीमों के बीच आने वाले महीनों में क्रिकेट का रोमांच लगातार जारी रहने वाला है।
यह भी पढ़ें:
GT vs KKR: इन 3 प्लेयर बैटल्स पर टिकी होगी जीत-हार की कहानी
ICC का बड़ा ऐलान, पहली बार होगा टूर्नामेंट का आयोजन, शेड्यूल आया सामने