1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. बाबर आजम को लेकर अजहर महमूद ने पूर्व क्रिकेटरों पर बोला हमला, कहा- हमारे पास सिर्फ एक सुपरस्टार

बाबर आजम को लेकर अजहर महमूद ने पूर्व क्रिकेटरों पर बोला हमला, कहा- हमारे पास सिर्फ एक सुपरस्टार

 Written By: Vanson Soral
 Published : Aug 18, 2026 08:08 am IST,  Updated : Aug 18, 2026 08:08 am IST

पूर्व पाकिस्तानी ऑलराउंडर और कोच अजहर महमूद ने बाबर आजम का बचाव करते हुए पूर्व खिलाड़ियों और सोशल मीडिया पंडितों पर निशाना साधा है।

Babar Azam- India TV Hindi
बाबर आजम Image Source : AFP

पाकिस्तान क्रिकेट में जब भी बाबर आजम का बल्ला खामोश होता है, आलोचनाओं का दौर शुरू हो जाता है। लेकिन इस बार उनके बचाव में पाकिस्तान के ही पूर्व ऑलराउंडर अजहर महमूद खुलकर सामने आए हैं। उन्होंने पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि देश के पास फिलहाल सिर्फ एक सुपरस्टार है और लोग उसी को लगातार नीचे खींच रहे हैं।

पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर और कोच अजहर महमूद ने अपने पुराने साथी बाबर आजम के मुश्किल दौर को याद करते हुए बताया कि लगातार आलोचना का उन पर काफी असर पड़ा था। महमूद ने कहा कि टीम से बाहर रहने के दौरान बाबर काफी निराश थे और जिस तरह से पूर्व खिलाड़ियों और सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना की गई, उससे वह अंदर तक प्रभावित हुए।

महमूद ने स्काई स्पोर्ट्स से बातचीत में कहा कि बाबर बहुत शर्मीला है और उसने काफी कुछ झेला है। जब वह इंग्लैंड सीरीज के बाद करीब पांच महीने टीम से बाहर था, तब उन्होंने उसके साथ काफी समय बिताया। पाकिस्तान में पूर्व खिलाड़ियों और सोशल मीडिया पंडितों के व्यवहार के कारण वह वास्तव में काफी निराश था उन्होंने आगे कहा कि हमारे पास सिर्फ एक सुपरस्टार है और हम लगातार उसे नीचे खींच रहे हैं।

बाबर में सुधार की गुंजाइश

अजहर महमूद ने माना कि बाबर के खेल में कुछ ऐसे पहलू हैं, जिनमें उन्हें सुधार करने की जरूरत है। हालांकि, उनका मानना है कि सम्मान और भरोसा मिलने पर बाबर का प्रदर्शन और बेहतर हो सकता है। उन्होंने कहा कि हां, उसके खेल में कुछ चीजें हैं जिनमें सुधार की जरूरत है, लेकिन हर खिलाड़ी को सुधार करना होता है। उन्हें लगता है कि अब वह काफी परिपक्व हो चुका है।

बाबर आजम से काफी उम्मीदें

बाबर को पिछले साल एशिया कप के लिए पाकिस्तान की T20I टीम से बाहर कर दिया गया था। हालांकि, 2026 T20 वर्ल्ड कप के लिए उनकी टीम में वापसी हुई। 20 टीमों वाले इस टूर्नामेंट में भी बाबर उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके, जिसके बाद उन्हें एक बार फिर टीम से बाहर कर दिया गया। अब बाबर की नजरें टेस्ट क्रिकेट पर हैं। वह इंग्लैंड के खिलाफ आगामी तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए पाकिस्तान की टीम में शामिल हैं और इस रेड-बॉल सीरीज में पाकिस्तान टीम की अगुआई करेंगे। हालांकि, चोट के कारण बाबर का पहले टेस्ट में खेलना मुश्किल नजर आ रहा है।

यह भी पढ़ें:

42 रन और जो रूट बन जाएंगे दुनिया के पहले कप्तान, ENG vs PAK टेस्ट में इतिहास रचने का शानदार मौका

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल