Highlights
- बाबर आजम ने श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में लगाया शतक
- श्रीलंका में पहली बार लगाया टेस्ट शतक
- अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पूरे किए 10 हजार रन
Babar Azam breaks Virat Record: पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने विराट कोहली के एक और बड़े रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। 27 साल के बाबर ने अपनी शानदार फॉर्म बरकरार रखते हुए श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में शानदार शतक लगाया। यह उनके टेस्ट करियर का सातवां और श्रीलंका की सरजमीं पर पहला टेस्ट शतक है।
बाबर ने दूसरे दिन मुश्किल में फंसी अपनी टीम को न सिर्फ उबारा बल्कि श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट में वापसी भी कराई। पाकिस्तानी कप्तान एक महत्वपूर्ण पारी खेलकर 244 गेंदों में 119 रन बनाकर आउट हुए। वह अपनी टीम की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे। उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके और दो छक्के भी लगाए।
बाबर ने अपनी शतकीय पारी के दौरान विराट समेत कई दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया। वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज 10000 रन पूरे करने वाले एशियाई क्रिकेटर बने। इस मामले में उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली को पछाड़ा। विराट ने जहां 232 पारियों में इस मुकाम को हासिल किया था तो वहीं बाबर ने महज 228 पारियों में ही यह उपलब्धि हासिल कर ली।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज 10000 रन बनाने वाले एशियाई
- बाबर आजम: 228 पारी
- विराट कोहली: 232 पारी
- सुनील गावस्कर: 243 पारी
- जावेद मियांदाद: 248 पारी
- सौरव गांगुली: 253 पारी
पाकिस्तानी कप्तान ने सबसे तेज दस हजार अंतरराष्ट्रीय रन बनाने के मामले में अपने ही देश के जावेद मियांदाद को भी पीछे कर दिया और वह अब इस मामले में टॉप पर पहुंच गए हैं। मियांदाद ने इस आंकड़े को हासिल करने के लिए 248 पारियों का सहारा लिया था।
पाकिस्तान के लिए सबसे तेज 10000 अंतरराष्ट्रीय रन
- बाबर आजम: 228 पारी
- जावेद मियांदाद: 248 पारी
- सईद अनवर: 255 पारी
- मोहम्मद यूसुफ: 261 पारी
- इंजमाम-उल-हक: 281 पारी
बाबर के करियर की बात करें तो उन्होंने अपने सात साल के अंतरराष्ट्रीय करियर में 204 मैच खेले हैं और इस दौरान 10098 रन बना लिए हैं। अपने करियर में वह अब तक 25 शतक कुल 66 अर्धशतक भी लगा चुके हैं। बाबर ने वनडे में अभी तक 4442, टी20 में 2970 और टेस्ट में 2686 रन बनाए हैं।