1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. PAK vs BAN: रिकॉर्ड बनाने चले थे बाबर आजम, यहां तो डक मिला, पाकिस्तान में पहली बार ऐसी बेइज्जती

PAK vs BAN: रिकॉर्ड बनाने चले थे बाबर आजम, यहां तो डक मिला, पाकिस्तान में पहली बार ऐसी बेइज्जती

 Published : Aug 21, 2024 04:31 pm IST,  Updated : Aug 21, 2024 05:54 pm IST

Babar Azam: पाकिस्तान बनाम बांग्लादेश पहले टेस्ट के पहले ही दिन बाबर आजम शून्य पर आउट हो गए। पाकिस्तान में टेस्ट क्रिकेट में पहली बार उनके साथ ऐसा हुआ है।

बाबर आजम ​की...- India TV Hindi
बाबर आजम ​की पाकिस्तान में पहली बार ऐसी बेइज्जती Image Source : INDIA TV

Babar Azam Pakistan vs Bangladesh Test: पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का आगाज हो गया है। पहला मुकाबला आज यानी बुधवार से रावलपिंडी में शुरू हो गया। हालांकि गीले आउट फील्ड के कारण मुकाबला देरी से शुरू हो पाया। इसके बाद जब पाकिस्तानी टीम बल्लेबाजी के लिए उतरी तो उनकी शुरुआत काफी खराब रही। कप्तान शान मसूद और पूर्व कप्तान बाबर आजम सस्ते में ही आउट होकर पवेलियन लौट गए। बाबर आजम तो अपना खाता तक नहीं खोल पाए। पाकिस्तान में पहली बार उनके साथ टेस्ट में ऐसी घटना हुई है। 

पाकिस्तान टीम की हालत हुई खराब 

पाकिस्तान ​क्रिकेट टीम लंबे अर्से के बाद क्रिकेट के मैदान में उतरी है। पिछली सीरीज में ऑस्ट्रेलिया ने शान मसूद की कप्तानी में पाकिस्तान का सूपड़ा साफ किया था। उम्मीद थी कि ब्रेक के बाद पाकिस्तानी बल्लेबाज कुछ बेहतर प्रदर्शन करेंगे, लेकिन यहां तो हालात और बदतर हो गए। बांग्लादेश के कप्तान ने भी यहां चालाकी की। उन्होंने टॉस जीतकर हरीभरी पिच पर पाकिस्तान को ही पहले बल्लेबाजी के लिए बुला लिया। पाकिस्तान का पहला विकेट अब्ब्दुला शफीक के रूप में उस वक्त गिरा, जब टीम का स्कोर केवल 3 ही रन था। वे केवल दो ही रन अपनी टीम के लिए जोड़ सके। टीम को दूसरा झटका तब लगा, जब कप्तान शान मसूद केवल 6 रन बनाकर चलते बने। तब तक टीम का स्कोर 14 रन ही हो पाया था। 

लगातार गिरते रहे पाकिस्तान के विकेट 

पूर्व कप्तान बाबर आजम नंबर चार पर बल्लेबाजी के लिए आए। उम्मीद की जा रही थी कि दो विकेट गिरने के बाद इस पर थोड़ी लगाम लगेगी, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। बाबर आजम दूसरी ही बॉल पर बिना खाता खोले आउट हो गए। इससे पाकिस्तान के तीन विकेट गिर गए। इससे टीम काफी प्रेशर में नजर आई। दूसरी छोर पर सैम अयूब खड़े जरूर थे, लेकिन वे भी खुलकर रन नहीं बना पा रहे थे। 

बाबर आजम टेस्ट में पाकिस्तान में पहली बार बिना खाता खोले आउट 

बाबर आजम अब तक टेस्ट क्रिकेट में आठ बार शून्य पर आउट हुए हैं। लेकिन ऐसा पहली बार हुआ है, जब वे अपने घर पर यानी पाकिस्तान में टेस्ट में बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए हों। हालांकि उनसे उम्मीद की जा रही थी कि वे रन बनाकर अपने चार हजार रन पूरे करेंगे। इसके लिए उन्हें 102 रनों की जरूरत थी। लेकिन उनसे तो यहां खाता भी नहीं खुला। अब बाबर आजम को चार हजार टेस्ट पूरे करने के लिए मैच की दूसरी पारी या फिर अगले मैच का इंतजार करना होगा। इस बीच बाबर आजम के आंकड़ों की बात करें तो पिछले कुछ वक्त से उनका बल्ला खमोशी ओढ़े हुए हैं, उनसे रन नहीं बन पा रहे हैं। 

यह भी पढ़ें 

WTC Final: फाइनल के लिए टीम इंडिया को चाहिए केवल इतनी जीत, ऑस्ट्रेलिया से हो सकता है सामना

आईसीसी रैंकिंग में टीम इंडिया का जलवा, टॉप 5 में 3 भारतीय खिलाड़ी

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल