1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. रोहित शर्मा के इस वर्ल्ड रिकॉर्ड पर मंडराया खतरा, पाकिस्तानी ​बल्लेबाज कभी भी तोड़ देगा

रोहित शर्मा के इस वर्ल्ड रिकॉर्ड पर मंडराया खतरा, पाकिस्तानी ​बल्लेबाज कभी भी तोड़ देगा

 Published : Oct 27, 2025 04:44 pm IST,  Updated : Oct 27, 2025 04:44 pm IST

Rohit Sharma World Record: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा इस वक्त टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं, लेकिन अब जल्द ही वे इस लिस्ट में टॉप से हटकर दूसरे नंबर पर आ सकते हैं।

rohit sharma- India TV Hindi
रोहित शर्मा Image Source : AP

Rohit Sharma Record: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रहे रोहित शर्मा ने टी20 इंटरनेशनल से काफी पहले ही रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया था। अब वे केवल वनडे क्रिकेट ही खेल रहे हैं। इस बीच रोहित शर्मा ने इस फॉर्मेट में एक नया कीर्तिमान रचा था, जो अब टूटने वाला है। ये ना केवल एक कीर्तिमान है, बल्कि ​वर्ल्ड रिकॉर्ड है। अब इस कीर्तिमान तो कोई और नहीं, बल्कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान बाबर आजम तोड़ने के बिल्कुल करीब हैं। अब ये ​खुद बाबर पर निर्भर करेगा कि वे कब तक इसे तोड़कर पहले नंबर पर पहुंच जाते हैं। 

टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं रोहित शर्मा

दरअसल टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज इस वक्त रोहित शर्मा ही हैं। रोहित ने साल 2024 के टी20 वर्ल्ड कप को जीतने के तुरंत बाद इस फॉर्मेट को छोड़ दिया था, लेकिन अब तक कोई भी इस मामले में रोहित को पीछे नहीं कर पाया है। रोहित शर्मा ने अपने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 159 मैच खेलकर 4231 रन बनाए हैं। रोहित ने इस दौरान 5 शतक और 32 अर्धशतक लगाए हैं। रोहित शर्मा का यहां पर औसत 32.05 का रहा है और वे 140.89 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते रहे हैं। 

बाबर आजम रोहित से केवल 9 ही रन पीछे

इस मामले में अभी पाकिस्तान के बाबर आजम दूसरे नंबर पर हैं। बाबर आजम ने 128 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलकर 4223 रन बनाए हैं। यानी रोहित शर्मा को पीछे करने के लिए बाबर को केवल 9 ही रन और चाहिए हैं। बाबर आजम ने अब तक इस फॉर्मेट में 3 शतक और 36 अर्धशतक लगाए हैं। उनका औसत यहां पर 39.83 का रहा है और वे 129.22 के स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं। 

लंबे समय बाद हो रही है बाबर आजम की वापसी

मजे की बात ये है कि बाबर आजम काफी पहले ही रोहित शर्मा का ये रिकॉर्ड तोड़ चुके होते, लेकिन पीसीबी ने उन्हें टी20 टीम से ही बाहर कर दिया था। ​बाबर आजम ने साल 2024 के बाद से लेकर अब तक कोई टी20 इंटरनेशनल मैच नहीं खेला है। यहां तक कि हाल ही में जब एशिया कप खेला गया तो उसमें भी बाबर को जगह नहीं मिली थी। इस बीच अब जबकि पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका के बीच टी20 मैचों की सीरीज खेली जानी है तो उसमें बाबर आजम की वापसी हो गई है। अब देखना ये है कि क्या बाबर को अपनी टीम की प्लेइंग इलेवन में जगह मिलती है या फिर उन्हें बाहर बैठना पड़ता है। साथ ही अगर उन्हें मौका मिलता है तो कब तक बाबर आजम रोहित शर्मा का रिकॉर्ड ध्वस्त करते हैं। 

यह भी पढ़ें 

वर्ल्ड कप सेमीफाइनल से पहले टीम इंडिया को झटका, स्टार खिलाड़ी अचानक बाहर

टीम इंडिया से ​बाहर चल रहे खिलाड़ी ने ठोकी धमाकेदार डबल सेंचुरी, चौके और छक्कों की लगी लाइन

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल