टी-20 ट्राई सीरीज का फाइनल पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच 29 नवंबर को खेला जाएगा। इस मैच का आयोजन रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में किया जाएगा। इस फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम की नजरें विराट कोहली का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने पर होंगी। हालांकि खराब फॉर्म से जूझ रहे बाबर आजम के लिए यह काम आसान नहीं होने वाला है क्योंकि वह पिछले 9 टी20 में 4 बार बिना खाता खोले पवेलियन लौट चुके हैं। बाबर आजम अब T20I क्रिकेट में सबसे ज्यादा फिफ्टी जड़ने वाले बल्लेबाज बन सकते हैं। फिलहाल इस मामले में बाबर आजम और विराट कोहली बराबरी पर खड़े हैं।
बाबर आजम के पास विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका
विराट कोहली ने T20I क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। लेकिन रिटायर होने से पहले उन्होंने इस फॉर्मेट में 38 अर्धशतक लगाए थे। उनके बल्ले से आखिरी अर्धशतक टी20 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ आया था। बाबर आजम ने इसी ट्राई सीरीज के चौथे मैच में जिम्बाब्वे के खिलाफ 74 रनों की पारी खेल अपने करियर का 38वां अर्धशतक लगाया था और उन्होंने विराट कोहली की बराबरी की।
बाबर को करना पड़ सकता है लंबा इंतजार
आपको बता दें कि बाबर आजम अगर आज बड़ी पारी खेल विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ने में कामयाब नहीं रहते तो इस रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए उन्हें काफी लंबे समय तक इंतजार करना पड़ सकता है। दरअसल, इस ट्राई सीरीज के बाद पाकिस्तान की टीम अब टी-20 वर्ल्ड कप में खेलती हुई नजर आएगी। अगर बाबर आजम का चयन टी20 वर्ल्ड कप स्क्वॉड के लिए नहीं होता है तो उनका इंतजार और बढ़ सकता है।
टी-20 फॉर्मेट में खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं बाबर आजम
ऐसे में फाइनल मैच में बाबर आजम के पास एक दमदार पारी खेलकर विराट कोहली का यह रिकॉर्ड तोड़ने और टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए पाकिस्तान के स्क्वॉड में अपनी दावेदारी पेश करने का सुनहरा मौका है। दरअसल टी-20 फॉर्मेट में पिछले कुछ समय से बाबर आजम खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। ऐसे में आगामी टी20 वर्ल्ड कप के लिए उन्हें टीम में जगह मिलती है या नहीं यह देखने वाली बात होगी।
यह भी पढ़ें
IND vs SA 1st ODI: कब और कहां फ्री में देख सकते हैं पहला वनडे मुकाबला, रांची के मैदान पर होगी टक्कर
मुंबई इंडियंस से बाहर होते ही अर्जुन तेंदुलकर का गेंद से कमाल, टीम को अपने दम पर जिताया मैच