1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. एशिया कप और एशियन गेम्स के लिए बांग्लादेश की टीम का ऐलान, निगार सुल्ताना को फिर मिली कमान

एशिया कप और एशियन गेम्स के लिए बांग्लादेश की टीम का ऐलान, निगार सुल्ताना को फिर मिली कमान

 Written By: Vanson Soral
 Published : Aug 17, 2026 08:37 pm IST,  Updated : Aug 17, 2026 08:37 pm IST

बांग्लादेश ने एशिया कप 2026 और एशियन गेम्स 2026 के लिए 15 सदस्यीय टीम घोषित कर दी है। नियमित कप्तान निगार सुल्ताना ज्योति टीम की कमान संभालेंगी, जबकि नाहिदा अख्तर उपकप्तान होंगी।

BANGLADESH- India TV Hindi
बांग्लादेश महिला क्रिकेट टीम Image Source : AFP

बांग्लादेश महिला क्रिकेट टीम के लिए आने वाले कुछ महीने बेहद अहम रहने वाले हैं। टीम को एक के बाद एक दो बड़े टूर्नामेंट में उतरना है। ऐसे में बांग्लादेश ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। निगार सुल्ताना जोटी को एक बार फिर टीम की कमान सौंपी गई है, जबकि नाहिदा अख्तर उपकप्तान की भूमिका निभाएंगी। टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज शर्मिन सुल्ताना की टीम में वापसी हुई है। सुल्ताना पिछली बार मई 2026 में बांग्लादेश के लिए खेली थी। उन्हें ताज नेहर की जगह टीम में शामिल किया गया है। ताज नेहर पिछले T20 वर्ल्ड कप में टीम का हिस्सा थीं।

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने ACC वूमेन्स एशिया कप 2026 और जापान में होने वाले 20वें एशियन गेम्स के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान किया है। निगार सुल्ताना ने हाल ही में वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 में भी टीम की कप्तानी की थी। उस टूर्नामेंट में बांग्लादेश ने पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के खिलाफ जीत दर्ज की थी। अब टीम की नजर एशिया कप और एशियन गेम्स पर है। एशिया कप में बांग्लादेश अपने अभियान की शुरुआत 31 अगस्त को इंडोनेशिया के खिलाफ करेगा। हाल ही में पाकिस्तान ने भी एशिया कप के लिए अपनी टीम का ऐलान किया।

अनुभवी के साथ युवा चेहरों पर भी भरोसा

बांग्लादेश ने इस टीम में अनुभव और युवा प्रतिभा का अच्छा कॉम्बिनेशन रखा है। मई में अपना T20 इंटरनेशनल डेब्यू करने वाली शर्मिन सुल्ताना को टॉप आर्डर के बल्लेबाज के तौर पर टीम में जगह मिली है। शर्मिन के पास ODI क्रिकेट का भी अनुभव है और वह अब तक 16 ODI खेल चुकी हैं। वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप के दौरान टॉप आर्डर में अच्छी शुरुआत देने वाली शोभना मोस्तरी और जुएरिया फिरदौस को भी टीम में बरकरार रखा गया है। वहीं, T20 वर्ल्ड कप में नीदरलैंड्स और पाकिस्तान के खिलाफ बांग्लादेश की जीत में अहम भूमिका निभाने वाली शोर्ना अख्तर भी टीम का हिस्सा हैं। उनके नाबाद पारियों ने उन दोनों मुकाबलों में टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया था।

एशिया कप का 31 अगस्त से आगाज

ऑलराउंडर रितु मोनी भी टीम में शामिल हैं। तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई मरूफा अख्तर करेंगी। उन्हें मोनी और फरिहा इस्लाम त्रिस्ना का साथ मिलेगा। स्पिन विभाग में उपकप्तान नाहिदा अख्तर के अलावा फाहिमा खातून, राबेया खान और सुल्ताना खातून जैसे विकल्प मौजूद हैं। बांग्लादेश का एशिया कप अभियान 31 अगस्त को इंडोनेशिया के खिलाफ मुकाबले से शुरू होगा। इसके बाद टीम 17 से 22 सितंबर 2026 तक जापान के आइची-नागोया में होने वाले 20वें एशियन गेम्स में हिस्सा लेगी।

एशिया कप और एशियन गेम्स के लिए बांग्लादेश की टीम: निगार सुल्ताना जोटी (कप्तान), नाहिदा अख्तर (उप-कप्तान), दिलारा अख्तर, जुएरिया फिरदौस, शर्मिन अख्तर सुप्ता, शर्मिन सुल्ताना, शोभना मोस्तरी, शोर्ना अख्तर, रितु मोनी, फाहिमा खातून, राबेया खान, मारुफा अख्तर, सुल्ताना खातून, शंजीदा अख्तर मघला, फरिहा इस्लाम त्रिस्ना।

यह भी पढ़ें:

निरोशन डिकवेला का अनचाहा वर्ल्ड रिकॉर्ड बरकरार, 12 साल से हो रहे शतक का इंतजार फिर बढ़ा

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल