1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. इस टीम के लिए आई बुरी खबर, धाकड़ खिलाड़ी पूरी सीरीज से हो सकता है बाहर

इस टीम के लिए आई बुरी खबर, धाकड़ खिलाड़ी पूरी सीरीज से हो सकता है बाहर

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Sep 28, 2025 08:48 am IST,  Updated : Sep 28, 2025 08:48 am IST

बांग्लादेश क्रिकेट से बड़ी खबर सामने आई है। टीम के धाकड़ बल्लेबाज के चोट के कारण लंबे समय तक बाहर होने की खबर है।

Bangladesh- India TV Hindi
लिटन दास Image Source : PTI

बांग्लादेश क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज लिटन कुमार दास अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली आगामी व्हाइट-बॉल सीरीज से बाहर हो सकते हैं। उन्हें पीठ में चोट लगी है और पूरी तरह ठीक होने में कम से कम तीन हफ्ते लग सकते हैं। टीम सूत्रों के अनुसार, लिटन दास फिलहाल अच्छे फॉर्म में थे लेकिन चोट के चलते उन्हें एशिया कप के सुपर-4 मुकाबलों से भी बाहर होना पड़ा था। भारत और पाकिस्तान के खिलाफ दोनों मैचों में उनकी गैरमौजूदगी टीम को भारी पड़ी और बांग्लादेश फाइनल में जगह बनाने में नाकाम रहा। लिटन ने अपना आखिरी मुकाबला एशिया कप 2025 में श्रीलंका के खिलाफ 20 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला था। उस मैच में बांग्लादेश ने श्रीलंका को 4 विकेट से हराकर बड़ा उलटफेर किया था। हालांकि, बल्ले से लिटन बड़ा योगदान नहीं दे पाए थे। उन्होंने 16 गेंदों पर 3 चौकों की मदद से 23 रन बनाए थे।

ठीक होने में लग सकता है समय

एक अधिकारी ने क्रिकबज से कहा कि उन्हें लगता है कि उन्हें पूरी तरह ठीक होने में कम से कम तीन हफ्ते लगेंगे। ऐसे में अफगानिस्तान सीरीज में उनके खेलने की संभावना बेहद कम है। 22 सितंबर को ICC एकेडमी ग्राउंड पर नेट्स के दौरान लिटन को यह चोट लगी थी। स्क्वेयर कट खेलते समय उनकी कमर के बाईं ओर दर्द महसूस हुआ। इसके बाद टीम फिजियो बैजिद-उल-इस्लाम ने उनका आकलन किया और उन्हें तुरंत ट्रेनिंग से हटा दिया गया। इसके बाद उन्हें एशिया कप से भी बाहर कर दिया गया।

2 अक्टूबर से खेली जाएगी सीरीज

लिटन की गैरमौजूदगी में जाकर अली ने भारत और पाकिस्तान के खिलाफ टीम की अगुवाई की थी। संभावना है कि अफगानिस्तान सीरीज में भी वही कप्तानी करेंगे, जब तक सिलेक्टर्स कोई और फैसला नहीं लेते। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने अब तक अफगानिस्तान के खिलाफ T20I और ODI सीरीज के लिए टीम की घोषणा नहीं की है। टीम 29 सितंबर से अभ्यास शुरू करेगी। अफगानिस्तान के खिलाफ बांग्लादेश 2 से 5 अक्टूबर तक शारजाह में तीन मैचों की T20I सीरीज खेलेगा। इसके बाद 8, 11 और 14 अक्टूबर को अबू धाबी में तीन ODI मैच खेले जाएंगे।

यह भी पढ़ें:

अब तक इतनी टीमें जीत चुकी हैं T20 एशिया कप का खिताब, पाकिस्तान की झोली फिर भी खाली

भारतीय गेंदबाज ने तोड़ा 166 साल पुराना रिकॉर्ड, इंग्लैंड में गेंद से मचाया तहलका

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल