भारत और आयरलैंड के बीच टी20 सीरीज का पहला मैच 26 जून को बेलफास्ट में खेला जाएगा। इस मैच में सबकी नजरें 15 साल के भारतीय खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी पर टिकी हैं। उन्हें आज भारत की तरफ से डेब्यू करने का मौका मिल सकता है। अगर वैभव आज मैदान पर उतरते हैं, तो वह भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन जाएंगे। इस मामले में वह महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड भी तोड़ देंगे। हालांकि, उनके खेलने का इंतजार थोड़ा बढ़ सकता है क्योंकि आज बेलफास्ट में मौसम खराब है और मैच पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है। मुकाबले के दौरान बेलफास्ट का मौसम कैसा रहेगा आइए आपको बताते हैं।
भारत बनाम आयरलैंड पहले टी20 के दौरान कैसा रहेगा बेलफास्ट का मौसम?
इंडिया और आयरलैंड के बीच पहला टी20 मैच भारतीय समय के मुताबिक शाम 6 बजे शुरू होगा, जबकि वहां के लोकल टाइम के मुताबिक यह मुकाबला दोपहर 1:30 बजे शुरू होना है। Accuweather की रिपोर्ट के मुताबिक, बेलफास्ट में दोपहर 1 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक तेज बारिश होने की उम्मीद है। इस वजह से मैच समय पर शुरू होने में देरी हो सकती है और खेल के दौरान भी बार-बार बारिश खलल डाल सकती है।
मैच के शुरुआती घंटों में तेज बारिश की संभावना
वेदर रिपोर्ट के मुताबिक दोपहर 1 बजे के आसपास बारिश होने की संभावना लगभग 50 प्रतिशत है, जो अगले दो घंटों में और बढ़ सकती है। बेलफास्ट में आज दोपहर 2 बजे बारिश होने के चांसेस 59% और 3 बजे 51% है। हालांकि, शाम 4 बजे के करीब मौसम साफ होने की उम्मीद है, लेकिन उसके बाद खेल शुरू करने के लिए मैदान को सुखाने का बहुत कम समय बचेगा। ऐसे में भारत और आयरलैंड के बीच होने वाला पहला टी-20 मैच बारिश के कारण रद्द भी हो सकता है।
श्रेयस अय्यर पहली बार करेंगे टीम इंडिया की कप्तानी
श्रेयस अय्यर आज पहली बार भारतीय टीम के कप्तान के तौर पर मैदान पर उतरेंगे। इससे पहले टी20 मैचों में सूर्यकुमार यादव टीम के कप्तान थे। लेकिन पिछले कुछ समय से सूर्या अच्छे फॉर्म में नहीं थे और रन नहीं बना पा रहे थे। इसी वजह से उन्हें कप्तानी से हटाकर टीम से भी बाहर कर दिया गया है। अब सूर्या की जगह श्रेयस अय्यर को भारतीय टी20 टीम का नया कप्तान बनाया गया है। अब देखना होगा कि उनकी कप्तानी में भारतीय टीम इस सीरीज में कैसा खेल दिखाती है।
यह भी पढ़ें
वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में कैसे पहुंचेगी टीम इंडिया? अब बन रहे हैं ये समीकरण
ट्रेंट ब्रिज में लैथम और कॉनवे की रिकॉर्डतोड़ बल्लेबाजी, टेस्ट इतिहास में दर्ज कराया अपना नाम