1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. SA vs ZIM: टेस्ट सीरीज के बीच टीम को लगा तगड़ा झटका, धाकड़ ऑलराउंडर हो गया बाहर

SA vs ZIM: टेस्ट सीरीज के बीच टीम को लगा तगड़ा झटका, धाकड़ ऑलराउंडर हो गया बाहर

 Written By: Vanson Soral
 Published : Jun 29, 2025 07:07 pm IST,  Updated : Jun 29, 2025 07:07 pm IST

साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे के बीच जारी पहले टेस्ट मैच के बीच बड़ी खबर सामने आई है। चोट के कारण धाकड़ ऑलराउंडर बाहर हो गया है।

Brian Bennett- India TV Hindi
ब्रायन बेनेट Image Source : GETTY

SA vs ZIM: साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे बुलावायो में आमने-सामने हैं। दोनों टीमों के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच के दूसरे दिन जिम्बाब्वे की टीम को तगड़ा झटका लगा है। धाकड़ ऑलराउंडर और टीम के सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट पहले टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं। ब्रायन बेनेट कनकशन (सिर पर चोट) के कारण पहले टेस्ट में अब आगे नहीं खेल पाएंगे। ऐसे में उनकी जगह प्रिंस मास्वाउरे को रिप्लेसमेंट के तौर पर शामिल किया गया है। 

दरअसल, साउथ अफ्रीका ने 418/9 रन के स्कोर पर अपनी पारी घोषित की। इसके बाद ब्रायन बेनेट ओपनिंग पार्टनर ताकुदजवानाशे कैटानो के साथ मिलकर दूसरे दिन जिम्बाब्वे की पारी का आगाज करने के लिए मैदान में उतरे। ताकुदजवानाशे अपना खाता भी नहीं खोल पाए और 5वें ओवर में डक पर चलते बने।

अचानक मैदान से जाना पड़ा बाहर

पहला विकेट गिरने के बाद छठे ओवर में बेनेट ने क्वेना मफाका की एक शॉर्ट बॉल को पुल करने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले का ऊपरी किनारे लेकर हेलमेट पर जा लगी। इसके तुरंत बाद फिजियो मैदान पर आए और बेनेट का हालचाल लिया। बेनेट गेंद लगने से थोड़ा असहज नजर आए लेकिन फिजियो के कनकशन टेस्ट में कुछ भी चिंताजनक नहीं निकला। इसके बाद उन्होंने अपनी बल्लेबाजी जारी रखी। अभी एक ओवर ही बीता था कि बेनेट मैदान से बाहर चले गए और फिर पता चला कि अब बाकी के तीनों दिन वह नहीं खेल पाएंगे। 

दूसरे ही दिन छोड़ा टीम का साथ

बेनेट का दूसरे ही दिन पहले टेस्ट से बाहर हो जाना जिम्बाब्वे के लिए बड़ा झटका है क्योंकि 21 साल के ओपनर ने हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर पहले टेस्ट में शानदार 139 रनों की पारी खेली थी। उन्होंने अपने पिछले तीन टेस्ट मैचों में तीन बार 50 से ज्यादा का स्कोर बनाया, जिसमें एक शतक भी शामिल है। बेनेट के रिप्लेसमेंट प्रिंस मास्वाउरे की बात की जाए तो उन्होंने आखिरी बार जुलाई 2024 में आयरलैंड के खिलाफ बेलफास्ट में टेस्ट खेला था। उस मैच में उनके बल्ले से पहली पारी में अर्धशतक आया था। 

सीन विलियम्स ने जड़ा शतक

जिम्बाब्वे के पहली पारी के स्कोर की बात कीी जाए तो 60 ओवर में 7 विकेट पर 238 रन स्कोरबोर्ड पर लग गए हैं। सीन विलियम्स शतक बनाकर नाबाद हैं। जिम्बाब्वे की टीम साउथ अफ्रीका से अभी भी 180 रन पीछे है। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल