1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. सूर्यकुमार यादव को कप्तानी से हटाने के साथ टीम से क्यों किया गया ड्रॉप? चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने बताई वजह

सूर्यकुमार यादव को कप्तानी से हटाने के साथ टीम से क्यों किया गया ड्रॉप? चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने बताई वजह

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : Jun 06, 2026 03:26 pm IST,  Updated : Jun 06, 2026 03:26 pm IST

आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के अलावा एशियन गेम्स 2026 के लिए टीम इंडिया का ऐलान बीसीसीआई ने कर दिया है, जिसमें सूर्यकुमार यादव को कप्तानी से हटाए जाने के साथ टीम से भी ड्रॉप कर दिया गया है, जिसको लेकर चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने इसके पीछे कारण का भी खुलासा किया।

Ajit Agarkar And Suryakumar Yadav- India TV Hindi
अजीत अगरकर और सूर्यकुमार यादव Image Source : PTI

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने 6 जून को आयरलैंड, इंग्लैंड और एशियन गेम्स के लिए टीम इंडिया के स्क्वाड का ऐलान कर दिया, जिसमें पिछले कुछ दिनों से सूर्यकुमार यादव को कप्तानी से हटाए जाने की जो चर्चा चल रही थी वह सही साबित हुई। चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने स्क्वाड का ऐलान करने के साथ जहां श्रेयस अय्यर को टी20 इंटरनेशनल में टीम इंडिया का नया कप्तान चुनने के फैसले की आधिकारिक जानकारी दी तो वहीं साथ ही उन्होंने सूर्यकुमार यादव को कप्तानी से हटाने के साथ उनको टीम से भी ड्रॉप क्यों किया गया इसके पीछे का कारण भी बताया, जिसमें उन्होंने इस बात को स्वीकार किया कि ये फैसला लेना आसान नहीं था।

सूर्या का मौजूदा फॉर्म बड़ा कारण, श्रेयस इस जिम्मेदारी के पूरे हकदार

टीम इंडिया के चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने स्क्वाड का ऐलान करने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में सवालों के जवाब भी दिए जिसमें उनसे सूर्यकुमार यादव को कप्तानी से हटाए जाने के अलावा श्रेयस अय्यर को नया कप्तान बनाए जाने के पीछे की वजह को लेकर भी पूछा गया। अजीत अगरकर ने इस सवाल के जवाब में कहा कि सूर्यकुमार यादव को लेकर बात की जाए तो उनको लेकर फैसला लेना हमारे लिए आसान नहीं था, लेकिन उनकी मौजूदा फॉर्म इसके पीछे एक बड़ा कारण रही। वहीं श्रेयस अय्यर को पिछले कुछ सालों में हमने उनकी कप्तानी को काफी करीब से देखा है। उन्होंने अलग-अलग फ्रेंचाइजी के बेहतरीन तरीके से नेतृत्व किया है और कप्तान के रूप में उनका व्यक्तिगत प्रदर्शन शानदार रहा है। श्रेयस वर्ल्ड कप टीम में शामिल होने के बेहद करीब थे और मेरी नजर में कप्तानी के लिए सबसे मजबूत दावेदारों में से एक थे।

भविष्य को ध्यान में रखते हुए हमने लिया ये फैसला

टी20 वर्ल्ड कप का अब अगला संस्करण साल 2028 में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। अजीत अगरकर ने इसका भी जिक्र अपने जवाब में करते हुए कहा कि हमने अगले दो साल को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ने का फैसला लिया है और इन फैसलों के पीछे यह भी एक बड़ा कारण है। बता दें कि श्रेयस अय्यर को जहां टी20 इंटरनेशनल में नया कप्तान चुना गया है तो वहीं तिलक वर्मा को उपकप्तानी की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा स्क्वाड में 15 साल के उभरते खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी को पहली बार टीम इंडिया में शामिल किया गया है जिनको लेकर वर्ल्ड क्रिकेट में काफी चर्चा देखने को मिल रही है।

ये भी पढ़ें

आयरलैंड और इंग्लैंड सीरीज के लिए हुआ टीम इंडिया का ऐलान, वैभव सूर्यवंशी को मिला मेडन कॉल अप, श्रेयस अय्यर बने कप्तान

विराट कोहली अफगानिस्तान वनडे सीरीज से बाहर, रिप्लेसमेंट का हुआ ऐलान

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल