1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. क्रिस वोक्स छोड़ देंगे जेम्स एंडरसन को पीछे, मैनचेस्टर में करना होगा ये काम

क्रिस वोक्स छोड़ देंगे जेम्स एंडरसन को पीछे, मैनचेस्टर में करना होगा ये काम

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Jul 22, 2025 05:07 pm IST,  Updated : Jul 22, 2025 05:07 pm IST

भारत के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज में क्रिस वोक्स ने अच्छी गेंदबाजी की है। वह तीन टेस्ट मैच में 7 विकेट हासिल कर चुके हैं।

Chris Woakes- India TV Hindi
क्रिस वोक्स Image Source : GETTY

23 जुलाई से मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच जारी टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में इंग्लैंड के तेज गेंदबाज क्रिस वोक्स के पास एक खास लिस्ट में जेम्स एंडरसन को पीछे छोड़ने का मौका होगा। मैनचेस्टर के मैदान पर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की बात करें तो वहां क्रिस वोक्स 35 विकेट के साथ लिस्ट में चौथे नंबर पर हैं। वहीं इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर जेम्स एंडरसन का नाम है। वहां उन्होंने 38 विकेट हासिल किए थे। उन्हें एंडरसन से आगे निकलने के लिए सिर्फ 4 विकेट की जरूरत है। 4 विकेट लेते ही वोक्स मैनचेस्टर में सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने के मामले में तीसरे नंबर पर पहुंच जाएंगे।

मैनचेस्टर में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले टॉप-5 गेंदबाज

मैनचेस्टर में सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले गेंदबाजों की बात करें तो वहां इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज एलेक बेडसर का नाम टॉप पर है। वहां उन्होंने 7 मैचों की 51 पारियों में 51 विकेट हासिल किए थे। लिस्ट में दूसरे नंबर पर पूर्व इंग्लिश तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड हैं। उन्होंने इस मैदान पर 11 मैचों की 21 पारियों में 46 विकेट निकाले थे। तीसरे नंबर पर 38 विकेट के साथ जेम्स एंडरसन का नाम है। वहीं चौथे नंबर पर 35 विकेट के साथ क्रिस वोक्स हैं। पांचवें नंबर पर इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जिम लेकर का नाम है। उन्होंने इस मैदान पर पांच मैचों में 27 विकेट लिए थे।

मैनचेस्टर में दो बार पांच विकेट हॉल ले चुके हैं क्रिस वोक्स

वोक्स ने ओल्ड ट्रैफर्ड में अब तक कुल 7 टेस्ट मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 35 विकेट अपने नाम किए हैं। वोक्स यहां पर एक पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा दो बार कर चुके हैं और उनका गेंदबाजी औसत भी 17.37 का रहा है। यही वजह है कि वोक्स के सामने टीम इंडिया के बल्लेबाजों इस मैच में संभलकर बैटिंग करनी होगी।

जारी सीरीज में कैसा रहा है क्रिस वोक्स का प्रदर्शन

इस सीरीज में वोक्स ने अभी तक तीनों मैच खेले हैं। लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट मैच की दोनों पारियों को मिलाकर वह सिर्फ 1 विकेट हासिल कर पाए थे। वहीं बर्मिंघम में खेल गए दूसरे टेस्ट मैच में वह सिर्फ 2 विकेट चटकाने में कामयाब हो सके थे। वहीं लॉर्ड्स टेस्ट मैच की दोनों पारियों को मिलाकर 4 विकेट लेने में कामयाब रहे थे। इस सीरीज के तीन मैच में वह अब तक 7 विकेट ले चुके हैं। अब मैनचेस्टर में वोक्स कैसा प्रदर्शन करते हैं ये देखना दिलचस्प होगा।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल