इंग्लैंड में इस समय द हंड्रेड टूर्नामेंट खेला जा रहा है और इसमें बर्मिंघम फीनिक्स की टीम को नॉर्दर्न सुपरचार्जर्स की टीम ने 36 रनों से हरा दिया। नॉर्दर्न सुपरचार्जर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 193 रन बनाए, जवाब में बर्मिंघम फीनिक्स की टीम सिर्फ 157 रन ही बना सकी। भले ही बर्मिंघम की टीम को हार झेलनी पड़ी है, लेकिन उनके बॉलर क्रिस वुड ने अच्छी गेंदबाजी की।
रविचंद्रन अश्विन से निकले आगे
क्रिस वुड ने नॉर्दर्न सुपरचार्जर्स की टीम के खिलाफ कुल 20 गेंदें फेंकी और उन्होंने इसमें 34 रन लुटाते हुए दो विकेट झटके। उन्होंने डेविड मलान और डेविड मिलर जैसे बेहतरीन बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई। इसी के साथ वह टी20 क्रिकेट में किसी एक देश में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में रविचंद्रन अश्विन से आगे निकल गए हैं।
क्रिस वुड इंग्लैंड में टी20 क्रिकेट में अभी तक कुल 225 विकेट ले चुके हैं। जबकि अश्विन ने भारत में 223 टी20 विकेट लिए थे। वुड अब जयदेव उनादकट की बराबरी पर हैं। उनादकट ने भारत में टी20 क्रिकेट में 225 विकेट ही झटके थे। द हंड्रेड के आने वाले मैचों में अगर वुड अच्छा खेल दिखाते हैं, तो आसानी से उनादकट को पीछे कर सकते हैं।
पहले नंबर पर काबिज हैं युजवेंद्र चहल
टी20 क्रिकेट में किसी एक देश में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड संयुक्त रूप से युजवेंद्र चहल और पीयूष चावला के नाम है। दोनों ने ही भारत में टी20 क्रिकेट में 289-289 विकेट चटकाए हैं। दूसरे नंबर पर डैनी ब्रिग्स हैं। उन्होंने इंग्लैंड में कुल 286 टी20 विकेट झटके हैं।
बर्मिंघम की टीम को मिली हार
नॉर्दर्न की टीम के लिए डेविड मलान ने सबसे ज्यादा 58 रन बनाए। उनके अलावा जैक क्राली ने 45 रनों का योगदान दिया। इन प्लेयर्स की वजह से ही टीम 193 रनों के बड़े स्कोर तक पहुंच पाई। इसके बाद बर्मिंघम की टीम के लिए लियाम लिविंगस्टोन ने 46 रन और जैकब बेथेल ने 48 रन बनाए, लेकिन ये खिलाड़ी टीम को जीत नहीं दिला पाए।
यह भी पढ़ें:
दिग्गज क्रिकेटर का 89 साल की उम्र में निधन, ऑस्ट्रेलिया को जिताया था पहला वर्ल्ड कप
इंटरनेशनल करियर में चटकाए 250+ विकेट, अब KSCA का चुनाव लड़ेगा ये भारतीय दिग्गज; उठाया बड़ा कदम