ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में इंग्लैंड की स्टार सलामी बल्लेबाज डैनी वायट-हॉज ने ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया, जो इससे पहले T20 वर्ल्ड के इतिहास में कोई भी खिलाड़ी नहीं बना सकी थी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खिताबी मुकाबले में उन्होंने 300 रन का आंकड़ा पार करते ही इतिहास रच दिया।
T20 WC में पहली बार हुआ ऐसा
फाइनल मुकाबले से पहले डैनी वायट-हॉज को इस वर्ल्ड कप में 300 रन पूरे करने के लिए सिर्फ 6 रन की जरूरत थी। उन्होंने इंग्लैंड की पारी के चौथे ओवर की पहली गेंद पर अपना छठा रन पूरा करते ही इस आंकड़े को छू लिया और वूमेन्स T20 कप के एक संस्करण में 300 रन बनाने वाली दुनिया की पहली खिलाड़ी बन गईं। इस पूरे टूर्नामेंट में वायट-हॉज का बल्ला जमकर बोला। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ पहले ही मैच में नाबाद शतक जड़ा था। इसके बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ 65 रन और 2024 की चैंपियन न्यूजीलैंड के खिलाफ नाबाद 89 रन की शानदार पारी खेलकर इंग्लैंड को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। हालांकि, फाइनल मैच में वह सिर्फ 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। उन्हें ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज एनाबेल सदरलैंड ने अपना शिकार बनाया।
T20 वर्ल्ड कप में छुआ सबसे बड़ा मुकाम
ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ियों की सूची में अब डैनी वायट-हॉज पहले स्थान पर हैं। उनसे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी के नाम था, जिन्होंने 2020 वर्ल्ड कप में 6 मैचों में 259 रन बनाए थे। इस सूची में तीसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया की पूर्व कप्तान मेग लैनिंग हैं, जिन्होंने 2014 संस्करण में 257 रन बनाए थे।
वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन
- डैनी वायट-हॉज (इंग्लैंड) – 300* रन (2026)
- बेथ मूनी (ऑस्ट्रेलिया) – 259 रन (2020)
- मेग लैनिंग (ऑस्ट्रेलिया) – 257 रन (2014)
डैनी वायट-हॉज भले ही फाइनल में सस्ते में पवेलियन लौट गईं, लेकिन इंग्लिश कप्तान नैट साइवर ब्रंट ने नाबाद अर्धशतक जड़ते हुए अपनी टीम को 150 रन के स्कोर कर पहुंचाया। इंग्लिश कप्तान ने 58 रनों की पारी खेली। वहीं, फ्रेया केम्प ने 28 गेंदों पर ताबड़तोड़ 44 रन बनाए और नाबाद लौटी। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 1 छक्का जड़ा।
यह भी पढ़ें: