1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. DC vs GT: मैच के बीच मैदान से बाहर गए डेविड मिलर, दिल्ली के खेमे में मची हलचल

DC vs GT: मैच के बीच मैदान से बाहर गए डेविड मिलर, दिल्ली के खेमे में मची हलचल

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Apr 08, 2026 11:05 pm IST,  Updated : Apr 08, 2026 11:14 pm IST

IPL 2026 के 14वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स को तगड़ा झटका उस समय लगा, जब धाकड़ बल्लेबाज डेविड मिलर मैदान छोड़कर पवेलियन लौट गए।

David Miller- India TV Hindi
डेविड मिलर Image Source : AP

David Miller Injured: IPL 2026 के 14वें मैच में उस वक्त हलचल मच गई, जब डेविड मिलर अचानक दर्द से कराहते हुए मैदान छोड़कर बाहर चले गए। दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेले जा रहे इस मुकाबले में मिलर की चोट ने दिल्ली को दवाब में ला दिया। दरअसल, डेविड मिलर को गुजरात की पारी के दौरान फील्डिंग करते वक्त चोट लगी थी, जब उन्होंने एक गेंद रोकने के लिए लंबी डाइव लगाई। हालांकि, इसके बावजूद वह दिल्ली की पारी में बल्लेबाजी करने उतरे, लेकिन उनकी परेशानी कम होने के बजाय और बढ़ती चली गई।

मिलर ने एक शानदार चौका जरूर जड़ा, लेकिन उसी दौरान उनके चेहरे पर दर्द साफ नजर आया। खासतौर पर बाएं हाथ के अंगूठे में उन्हें दिक्कत हो रही थी, जिसके चलते फिजियो को मैदान पर बुलाना पड़ा और हल्की टेपिंग की गई।

रिटायर्ड हर्ट होकर लौटे पवेलियन

13वें ओवर के दौरान दर्द ज्यादा बढ़ने पर मिलर ने मैदान छोड़ने का फैसला किया और रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौट गए। मिलर 12 रन के स्कोर पर मैदान से बाहर चले गए। उनकी जगह कप्तान अक्षर पटेल बल्लेबाजी के लिए मैदान पर आए। हालांकि, कप्तान अक्षर कुछ खास नहीं कर पाए और सिर्फ 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इस तरह दिल्ली की टीम को 134 रन के स्कोर पर चौथा बड़ा झटका लग गया। हालांकि, 17वें ओवर में ट्रिस्टन स्टब्स के आउट होने के बाद मिलर मैदान पर वापसी करने में सफल रहे।

गंभीर चोट की आशंका

फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि मिलर की चोट कितनी गंभीर है। यह फ्रैक्चर है, मोच है या सिर्फ हल्की चोट। टीम मैनेजमेंट जल्द ही इस पर अपडेट दे सकता है। डेविड मिलर का इस तरह मैच के बीच में बाहर जाना दिल्ली के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है। अब सभी की नजर उनकी फिटनेस रिपोर्ट पर टिकी है, क्योंकि टूर्नामेंट के आगे के मैचों के लिए उनका फिट रहना टीम के लिए बेहद अहम है। 

डेविड मिलर इस सीजन बल्ले से अब तक कोई बड़ी पारी नहीं खेल हैं। पहले मैच में उन्हें बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला, जबकि दूसरे मैच में 18 गेंदों पर 21 रनों की पारी खेली और नाबाद लौटे। अब तीसरे मैच में वह 12 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए। 

यह भी पढ़ें:

नीरज चोपड़ा के फैंस को झटका, दोहा डायमंड लीग टली, वेस्ट एशिया तनाव बना वजह

मोहम्मद शमी ने ईजाद की खतरनाक गेंद, दहशत में बल्लेबाज! LSG कोच का बड़ा खुलासा

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल